- ट्रेन से उतरते समय बदमाशों ने बैग किया पार
- जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की चोरों की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के दौरान बदमाशों ने एक महिला यात्री का बैग पार कर दिया। बैग में पांच लाख रुपये से अधिक के आभूषण और कागजात रखे हुए थे। महिला यात्री की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
भोपाल निवासी संदीप सिंह अपनी पत्नी स्वाति सिंह के साथ एक कार्यक्रम में शामिल होने तीन दिन पहले ग्वालियर गए थे। वहां से वह वापस लौट रहे थे। लेकिन, किसी ट्रेन में उन्हें कंफर्म रिजर्वेशन नहीं मिला। इसलिए वे झांसी तक के लिए एक ट्रेन में सवार हो गए। उनको झांसी से भोपाल के लिए ट्रेन पकड़नी थी। ट्रेन के झांसी पहुंचने पर वह पत्नी के साथ कोच के गेट पर आकर खड़े हो गए। पत्नी कंधे पर हैंडबैग टांगे हुए थी, जबकि संदीप छह साल की बेटी को गोद में लिए हुए थे। इसी दरम्यान भीड़भाड़ के बीच बदमाशों ने पत्नी का बैग पार कर दिया। इस पर दंपती ने शोर मचाना शुरू कर दिया, लेकिन तब तक बदमाश गायब हो चुके थे। बाद में जीआरपी थाने पहुंचकर दंपती ने घटना की शिकायत पुलिस से की। बैग में पांच लाख रुपये से अधिक के आभूषण, कागजात और मोबाइल फोन रखा हुआ था।
जीआरपी थाने के प्रभारी निरीक्षक पंकज पांडेय ने बताया कि महिला की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।