झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में मृतक आश्रितों को अनुकंपा की नियुक्ति न मिलने से आक्रोशित कर्मचारियों ने प्रशासनिक भवन में वीसी ऑफिस के बाहर धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की। कर्मचारियों ने स्ववित्त पोषित योजना (एसएफएस) अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों का एरियर का भुगतान, सभी कर्मचारियों की एसीपी स्वीकृत करने की भी मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि विश्वविद्यालय में चार-पांच नियमित कर्मचारियों की मौत हो चुकी है और उनके आश्रितों को अब तक अनुकंपा नियुक्ति नहीं मिली है। कुछ कर्मचारियों के आश्रितों को आउटसोर्सिंग पर रख दिया गया है। तीन महीने के सेवाकाल के बाद फिर से उनकी सेवाएं इतने ही समय के लिए बढ़ा दी गई हैं। यह ठीक नहीं है। कई कर्मचारियों के आश्रितों की आर्थिक स्थिति बहुत खराब है। उनके सामने जीवन यापन का संकट खड़ा हो गया है। इस दौरान कर्मचारियों ने एसएफएस का एरियर भी लंबे समय से लंबित होने लटका होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इसे जल्द जारी किया जाना चाहिए। कर्मचारियों की तरफ से बीयू अधिकारियों को पत्र भी सौंपा गया, जिसमें सभी कर्मचारियों की एसीपी स्वीकृत करने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन व जीपीएफ एवं सेवा संबंधी लाभ का भुगतान, तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति के संबंध में निर्णय लेने, रिक्त पदों पर एसएफएस कर्मचारियों की भर्ती, तीन साल से एक ही पटल पर जमे तृतीय, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का शासन की नीति के अनुसार स्थानांतरण, एकेडमिक विभाग के अनुचर का निलंबन वापस लेने, मृतक कर्मचारी की पत्नी को पांच साल से पेंशन न मिलने और फंड बहाल करने की मांग की गई। कुलसचिव नारायण प्रसाद ने कर्मचारियों से वार्ता कर मांगों को पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। अब शुक्रवार को कर्मचारियों का प्रतिनिधि मंडल कुलपति से मिलेगा।