झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में चल रही महिला वर्ग की नॉर्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता के दूसरे दिन तीसरे और चौथे राउंड के मुकाबले खेले गए। चौथे राउंड के पांचवें मैच में रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय ने बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी को हरा दिया।
तीसरे राउंड का पहला मैच दिल्ली यूनिवर्सिटी और चंडीगढ़ की पंजाब विश्वविद्यालय के बीच हुआ। इसमें दिल्ली यूनिवर्सिटी विजयी रही। दूसरे मैच में पटियाला की पंजाबी यूनिवर्सिटी ने अलीगढ़ की आरएमपीएसएस यूनिवर्सिटी को शिकस्त दी। कानपुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय और आगरा की डॉ. भीमराव आंबेडकर यूनिवर्सिटी के बीच हुआ तीसरा मुकाबला और रोहतक की महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी और एनएसयूटी दिल्ली के बीच खेला गया चौथा मैच बराबरी पर छूटा। ऐसे में चारों टीमों को दो-दो अंक मिले। पांचवें मैच में शिमला की हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी ने आईजीयू मीरपुर को मात दी। इसके बाद चौथे राउंड का खेल हुआ। पहले मैच में दिल्ली यूनिवर्सिटी ने पंजाबी यूनिवर्सिटी को शिकस्त दी। दूसरे मैच में चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी ने डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय को हराया। तीसरे मैच में शिमला के हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने कानपुर विश्वविद्यालय पर जीत दर्ज की। एनएसयूटी दिल्ली और यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू के बीच खेला गया चौथा मैच टाई रहा। ऐसे में दोनों टीमों को दो-दो अंक मिले। स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. सूरजपाल सिंह ने बताया कि जीती हुई सभी टीमों को चार-चार अंक मिले हैं। निर्णायक मंडल में डॉ. प्रदीप कुमार, प्रो. अनिल सूर्यवंशी, सौरभ सविता, डॉ. रूपम सक्सेना, अनुपम राजपूत, श्रीकांत वर्मा, सौरव पाठक, अजय कुमार, ऋषिका मिश्रा, इंटरनेशनल ऑर्बिटर कविता पटेल, नेशनल ऑर्बिटर एकता सिंह, ऑर्बिटर आनंद सिंह, दीपक विश्वकर्मा शामिल रहे।
26 टीमें नहीं आईं, कोई कोविड, कोई रिजर्वेशन न मिलने की समस्या बता रहा
झांसी। नॉर्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता में 44 टीमों के बीच मुकाबला होना था। इसमें बीयू समेत 18 टीमें हिस्सा ले रही हैं। 26 टीमें नहीं आई हैं। स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. सूरजपाल सिंह ने बताया कि जो टीमें नहीं आई हैं, उनमें किसी ने कोरोना के केस सामने आने तो किसी ने ट्रेन में रिजर्वेशन न मिलने की समस्या बताई है।