झांसी। कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित होने वाली प्रायोगिक परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। आगे भी कक्षाएं ऑनलाइन ही संचालित होंगी। शासन की तरफ से निर्देश जारी होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण के चलते पिछले आठ-दस दिनों से कक्षाएं ऑनलाइन ही संचालित हो रही हैं। अब शासन के निर्देश पर परीक्षाओं अथवा प्रायोगिक परीक्षाओं को आगामी 15 मई तक स्थगित कर दिया गया है। पाठ्यक्रम से संबंधित कक्षाएं, शिक्षक कार्य संस्थान परिसर में न होने ऑनलाइन संचालित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय, कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों की उपस्थिति नहीं होगी। परिसर में शिक्षकों की उपस्थिति के संबंध में कुलपति, प्राचार्यों द्वारा निर्णय लिया जाएगा। बीयू, कॉलेजों में कार्यरत कर्मचारियों की 50 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए साप्ताहिक रोस्टर इस प्रकार तैयार किया जाएगा कि ऐसे कर्मी वैकल्पिक रूप में कार्यालय आएं। शेष 50 प्रतिशत कर्मचारी घर से ही कार्य करेंगे।
बीयू में लगातार निकल रहे संक्रमित
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में लगातार कोरोना संक्रमित निकल रहे हैं। कैंपस के फार्मेसी विभाग के तीन-चार शिक्षक कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इसके अलावा फूड टेक्नोलॉजी का कर्मचारी, मेस का स्टाफ भी संक्रमित हो चुका है। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन अभी शिक्षकों को कैंपस में बुलाकर ऑनलाइन क्लासेस चलवा रहा है। इसके अलावा भी कई कर्मचारी तो बिना जरूरत के विश्वविद्यालय आ रहे हैं। ऐसे में संक्रमण फैलने की संभावना है। मगर बीयू प्रशासन इस दिशा में ध्यान नहीं दे रहा।