अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में ढाई माह में चोरी की चार वारदात हो गई हैं। जिम्मेदार अफसर सिर्फ जांच कराने की बात कर रहे हैं। हैरानी की बात है कि विगत दिनों इंजीनियरिंग विभाग में हुई चोरी की लिखित सूचना कुलसचिव तक को नहीं दी है। साथ ही एक भी चोरी की घटना की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं कराई गई है।
ढाई माह पहले भूगर्भ विज्ञान विभाग की लैब में घुसे बदमाश चार पंखे समेत कई उपकरण चुराकर ले गए थे। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची मगर रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई। कुलसचिव ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी, जिसने विभाग के पीछे वाले हिस्से में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की रिपोर्ट दी। इसके बाद इंजीनियरिंग विभाग में घुसकर बदमाशों ने कई शौचालयों के वॉश बेसिन तोड़े और नलों की टोटियां चुराकर ले गए। इस मामले में कार्रवाई के नाम पर सिर्फ जांच कमेटी गठित हुई।
इसके बाद हॉस्टल से गीजर चोरी हुआ। पिछले दिनों फिर इंजीनियरिंग विभाग में ग्रिल काटकर व शीशे तोड़कर घुसे बदमाश कई उपकरण की मोटर खोलकर ले गए। इस मामले में भी अभी तक कुछ नहीं हुआ। कुलसचिव विनय कुमार सिंह का कहना है कि इंजीनियरिंग विभाग में हुई चोरी की अभी तक लिखित सूचना नहीं मिली है, इसलिए इस संबंध में कुछ भी कहना संभव नहीं है। बीयू प्रशासन अपने स्तर से चोरियों की जांच करवाकर कार्यवाही करेगा।