अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बीयू कैंपस के यूजी-पीजी पाठ्यक्रमों की 5600 सीट के लिए बृहस्पतिवार तक करीब 7200 आवेदन आए हैं। इनमें सर्वाधिक आवेदन बीएससी एग्रीकल्चर, बीबीए, एमबीए में दाखिले के लिए आए हैं। वहीं, बीयू के परीक्षा भवन में 27 जुलाई को प्रस्तावित प्रवेश परीक्षा की तैयारी बीयू प्रशासन ने शुरू कर दी है। दावा है कि 30 जुलाई तक प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया जाएगा और अगस्त से दाखिले शुरू होंगे।
बीएससी एमएलटी (मेडिकल लेबोरेट्री टैक्निक), एलएलबी, बीबीए ऑनर्स व बीपीटी (बैचलर ऑफ फिजियोथैरेपी) के लिए आवेदकों की संख्या ज्यादा है। बीयू प्रशासन का कहना है कि 10 जुलाई तक आवेदन बिना विलंब शुल्क के होंगे। इसके बाद 15 जुलाई तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन की अनुमति होगी। प्रवेश परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न आएंगे, जिनका जवाब ओएमआर सीट पर देना होगा। बीयू से संबद्ध करीब 400 कॉलेजों में दाखिले के आवेदन समर्थ पोर्टल पर सीटों की तुलना में कम आए हैं जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून है। बीयू के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि समर्थ पोर्टल पर आवेदन की तिथि बढ़ना तय है क्योंकि आवेदन की संख्या कम है।
बीयू कैंपस के यूजी-पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा 27 जुलाई को परीक्षा भवन में होगी। इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 30 जून तक परिणाम जारी कर दिया जाएगा। - राजबहादुर, कुलसचिव बीयू
इनमें प्रवेश की होगी परीक्षा
एमबीए, एमबीए इंटरनेशनल बिजनेस, बीबीए ऑनर्स, एमबीए टूरिज्म, एमबीए फाइनेंशियल मैनेजमेंट, एमबीए बैंकिंग एवं इंश्योरेंजस, एमबीए बिजनेस इकोनॉमिक्स, एमएससी फूड टैक्नोलॉजी, एमसीए, एम. फार्मा, बी. फार्मा, डी. फार्मा, एमएससी एग्रो फोरेस्टी, एमएससी हाॅर्टीकल्चर, एमएससी प्लांट पैथलॉजी, एमएससी एंटोमोलॉजी, एमएससी जेनेटिक्स एंड प्लांट ब्रीडिंग, एमएससी सीड टैक्नोलॉजी, एमएससी एग्रोनॉमी, एमएससी सॉइल साइंस एंड एग्रीकल्चर कैमिस्ट्री, एमएससी एनिमल हसबेंड्री, एमएससी इकोनॉमिक्स, बीएससी एग्रीकल्चर ऑनर्स, एमएससी फिजिक्स, एमएससी कैमिस्ट्री, एमएससी बॉटनी, एमएससी जुलॉजी, एमएससी मैथमैटिक्स, बीएससी एमएलटी, एमएससी फोरेंसिंक साइंस, एलएलएम, एलएलबी, बीए-एलएलबी, बैचलर ऑफ फिजियोथैरेपी, एमएड. बीएलएड, बीपीएड।