अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बीयू प्रशासन ने गर्मी के चलते महिला छात्रावासों की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की तैयारी शुरू कर दी है। नये 200 से ज्यादा पंखे लगाने के साथ ही वाटर कूलर भी लगाए जाएंगे।
गौरतलब है कि विगत वर्ष छात्रावासों की छात्राओं ने अव्यवस्थाओं को लेकर रात में ही हंगामा शुरू कर दिया था। काफी समझाने पर भी छात्राएं शांत नहीं हुई थीं। आरोप लगाया था कि छात्रावास में न समुचित पेयजल की व्यवस्था है और न ही खान-पान की। कई बार शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं होती है। स्थिति यहां तक पहुंच गई कि कुलपति ने छात्रावास में जाकर न सिर्फ छात्राओं के सामने खाना खाया बल्कि व्यवस्थाएं भी दुरुस्त कराईं। इसलिए बीयू प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।
200 से ज्यादा नये पंखे खरीदे जा रहे हैं, जो छात्राओं के कमरों में लगाए जाएंगे। इसके अलावा वाटर कूलर आदि की भी व्यवस्था दुरुस्त की जा रही हैं। कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि समता छात्रावास, झलकारी बाई छात्रावास, पीजी छात्रावास, ओबीसी छात्रावास आदि की व्यवस्थाएं गर्मी के चलते दुरुस्त कराई जा रही हैं।