पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के जन्म दिवस पर लक्ष्मी गार्डन में बसपाइयों ने केक काटकर खुशी मनाई।
झांसी। बहुजन समाज पार्टी ने बुधवार को पार्टी प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का जन्मदिन 64 किलो का केक काटकर, मरीजों को फल व जरूरतमंदों को कंबल वितरित करके मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में अगली सरकार बनाने का संकल्प लिया। मिशनरी सदस्यों का सम्मान किया गया।
इलाइट चौराहे के नजदीक गायत्री गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेक्टर प्रभारी (झांसी व चित्रकूट मंडल) लालाराम अहिरवार ने कहा कि बहन मायावती के शासनकाल में प्रदेश में सुशासन राज्य स्थापित रहा। उन्होंने सर्वसमाज को सम्मान देने का काम किया। विशिष्ट अतिथि सेक्टर प्रभारी झांसी मंडल भूपेंद्र आर्य ने कहा कि बसपा सरकार में जो जनहित के कार्य हुए, युवाओं को उनसे सीख लेकर दोबारा सरकार बनाने का कार्य करना चाहिए। उन्होंने महिलाओं को शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
सेक्टर प्रभारी विनोद गौतम ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में बहुमुखी विकास हुआ। पूर्व विधायक कैलाश साहू ने कहा कि वर्तमान सरकार का विकल्प सिर्फ बसपा है। समारोह में बुेदेलखंड सेंटर संयोजक पर्वत सिंह पाल, पूर्व विधायक कृष्णपाल सिंह राजपूत, जिला इंचार्ज जयपाल अहिरवार व रविकांत मौर्य, राघवेंद्र सिंह बुंदेला, हफीज खान, महेंद्र रिछारिया, विजय प्रताप श्रीवास, महेंद्र गौतम (मोंठ), उत्कर्ष साहू, नफीस खान, शानू भाई आदि मौजूद रहे।