झांसी। बेसिक शिक्षा विभाग के महानिदेशक के निर्देश पर बुधवार को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों ने बीएसए कार्यालय में जिला समन्वयकों के कामकाज को परखा। वर्ष 2019 - 20, 21 की सरकारी योजनाओं में आवंटित धनराशि एवं उसके क्रियान्वयन संबंधी प्रपत्रों को भी जांचा। इसकी रिपोर्ट महानिदेशक को देंगे। इसमें बीएसए, खंड शिक्षाधिकारी के कार्यों व उनकी कार्यशैली भी शामिल होगी।
बेसिक में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और शिक्षाधिकारियों की कार्यशैली को जांचने के लिए विभाग के महानिदेशक ने सितंबर में निर्देश दिए थे। इसी क्रम में बुधवार को विश्वविद्यालय के समाज शास्त्र विभाग के प्रोफेसरों ने मध्याह्न भोजन वितरण, निर्माण, प्रशिक्षण, सामुदायिक सहभागिता, समेकित शिक्षा में संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन संबंधी प्रपत्रों व कार्यालय में कंप्यूटर, इंटरनेट आदि की व्यवस्थाओं को परखा। तीन सदस्यीय प्रोफेसरों की टीम ने सभी पटलों में जाकर कामकाज को देखा। इस मौके पर उन्होंने आवश्यक टिप्स भी दिए। इस दौरान बीएसए हरिवंश कुमार सहित समस्त जिला समन्वयक मौजूद रहे। यह टीम इसी सप्ताह चार खंड शिक्षाधिकारियों के कार्यालयों व दो कस्तूरबा विद्यालयों और निर्माण स्थलों का भौतिक सत्यापन भी करेंगी।