गरौठा। थाना क्षेत्र के ग्राम जसवंत पुरा में चचेरे भाइयों में मोबाइल को लेकर विवाद हो गया। आवेश में आकर युवक ने दिव्यांग भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घायल युवक को परिजन सीएचसी मऊरानीपुर ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता की तहरीर पर गरौठा पुलिस ने आरोपी आकाश को के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार आरोपी आकाश ने अपने दिव्यांग चचेरे भाई प्रहलाद कोरी को दौ सौ रुपये में मोबाइल गिरवी रख दिया था। आरोपी ने भाई से मोबाइल मांगा तो उसने रुपये वापस करने की मांग की। इससे आरोपी नाराज हो गया और उसके साथ गाली गलौज करने लगा। आरोपी हाथ में कुल्हाड़ी उठाकर जबरन मोबाइल छीनने लगा। प्रह्लाद के दिव्यांग होने की वजह से वह भाग न सका। आकाश ने उसकी गर्दन पर तीन वार किए। इससे वह लहुलुहान होकर जमीन पर गिर गया। पड़ोसियों के मौके पर आ जाने पर वह मौके से भाग गया। पिता रूप सिंह कोरी ने आकाश के खिलाफ गरौठा कोतवाली में नामदर्ज मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।