झांसी। सीपरी ओवरब्रिज निर्माण में सेतु निगम की तेजी के बाद अब रेलवे भी मैदान में उतर आया है। रेलवे ने अपने हिस्से के निर्माण की दिशा में काम शुरू कर दिया है। अगले माह से निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है।
सीपरी बाजार के यातायात को सुगम बनाने के लिए यहां रेलवे ट्रैक के ऊपर ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। यहां बारह सौ मीटर लंबा तथा साढ़े दस मीटर चौड़ा ब्रिज बनाया जाना है। इसमें से रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजरने वाले ब्रिज के 122 मीटर हिस्से का निर्माण रेलवे को करना है।
जबकि, अवशेष 1,078 मीटर ब्रिज उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम को बनाना है। सेतु निगम ने अपने हिस्से का निर्माण जून 2014 में शुरू कर दिया था। निगम द्वारा अब तक अस्सी फीसदी काम पूरा किया जा चुका है। जबकि, शेष कार्य मार्च 2016 तक पूरा करने की तैयारी है।
जबकि, रेलवे ने अब तक अपने हिस्से का काम शुरू नहीं किया था, जिससे ब्रिज निर्माण का कार्य पूर्ण होने में और भी अधिक समय लगने की आशंका जताई जा रही थी। लेकिन, अब रेलवे ने भी अपने हिस्से का काम पूरा करने की तैयारी तेज कर दी है। रेलवे की ओर से निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
इसके साथ ही मौके पर मिट्टी की जांच का काम शुरू कर दिया गया है। ट्रैक के ऊपरी हिस्से की डिजाइन भी तैयार की जाने लगी है। ब्रिज निर्माण में रेलवे के उतरने से समय पर काम पूरा होने की संभावना नजर आने लगी है। मालूम हो कि 27 सितंबर 2012 को झांसी आए प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ब्रिज निर्माण की घोषणा की थी।
‘रेलवे को निर्माण कार्य के लिए 24 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। काम शुरू होने पर अवशेष राशि भी अवमुक्त कर दी जाएगी। जनवरी में रेलवे द्वारा मौके पर काम शुरू कर दिया जाएगा।’
- पीके वर्मा, परियोजना प्रबंधक- सेतु निगम
अतिक्रमण न हटने से सर्विस रोड का काम पड़ा है बंद
झांसी। सेतु निगम के साथ भले ही रेलवे के मैदान में उतरने से ओवरब्रिज निर्माण के कार्य में तेजी आती दिखाई दे रही है, परंतु ब्रिज के दोनों ओर सर्विस रोड का निर्माण कार्य अवरुद्ध बना हुआ है। सर्विस रोड के लिए प्रस्तावित मार्ग में अतिक्रमण होने से सेतु निगम काम आगे नहीं बढ़ा पा रहा है। जबकि, अतिक्रमण हटाने को नगर निगम को कई पत्र लिखे जा चुके हैं। सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक ने बताया कि अतिक्रमण न हटने की वजह से काम रुका है।