झांसी। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चालीस से अधिक लोगों के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन व कोरोना संक्रामक बीमारी के मानकों के प्रावधानों के उल्लंघन के तहत एफआईआर दर्ज की गईं हैं।
सीपरी बाजार थाना पुलिस ने मिशन कंपाउंड निवासी युवक सारांश समेत पांच लोगों के खिलाफ धारा 144 का उल्लंघन करते हुए कोरोना जैसी संक्रामक बीमारी के मानकों के प्रावधानों के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। इसी प्रकार धन्नू का चौराहा मसीहागंज निवासी शकील समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। कांशीराम कालोनी निवासी अदनान राईन समेत बाइस के खिलाफ धारा 144 व कोरोना बीमारी के उल्लंघन की एफआईआर दर्ज की गई है। प्रेमनगर थाने में बिहारीपुरा निवासी रमेश साहू की पत्नी आशा की तहरीर पर ग्राम डेली निवासी रमेश साहू समेत चार के खिलाफ धारा 144 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। महिला ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने व गाली-गलौज का भी आरोप लगाया है। प्रेमनगर थाने में हंसारी निवासी ज्ञान चंद कटियार पर भी धारा 144 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा लहचूरा, मऊरानीपुर, मोंठ व बड़ागांव थाने में एफआईआर दर्ज हुई हैं।