शुक्रवार को ध्यानचंद स्टेडियम के बॉक्सिंग हॉल में उत्तर प्रदेश की बॉक्सिंग टीम के लिए ट्रायल हुआ। ट्रायल में विभिन्न जिलों की जूनियर बालिका बॉक्सरों ने रिंग में अपने मुक्कों का प्रदर्शन किया। ट्रायल में 10 सर्वश्रेष्ठ बाक्सरों का चयन किया जा चुका है, जिसकी सूची शनिवार (आज) को जारी होगी। मंडलायुक्त चयनित टीम को करेला के तिरुवनंतपुरम में होने वाली चैंपियनशिप के लिए रवाना करेंगी।
केरला के तिरुवनन्तपुरम में 21 से 26 मार्च तक आयोजित होने वाली चैंपियनशिप के लिए यूपी की टीम का ट्रायल लिया गया। ट्रायल में झांसी, मेरठ, गोरखपुर, मुजफ्फरनगर सहित अन्य जिलों की बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। रिंग में चयन के लिए खिलाड़ियों ने एक-दूसरे पर जमकर मुक्के बरसा कर अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन किया। टीम में 10 जूनियर खिलाड़ियों को कई राउंड खिलाने के बाद निर्णायक दल ने चयनित किया। चयनित टीम की घोषणा शनिवार को होगी तथा मंडलायुक्त कुमुदलता श्रीवास्तव टीम को तिरुवनंतपुरम के लिए रवाना करेंगी। इसी के साथ ही रविवार को यूपी की बालिका टीम का प्रशिक्षण शिविर समाप्त हो जाएगा। टीम के निर्णायक मंडल में लखनऊ से आए बॉक्सिंग सचिव देवेंद्र सिंह, झांसी के बाक्सिंग सचिव अब्दुल हमीद, पवन शर्मा, उप क्रीड़ा अधिकारी धमेंद्र कुमार, वीरेंद्र सिंह, गौरव ठाकुर मौजूद रहे। इस मौके पर बॉक्सिंग कोच प्रवीण कुमार, प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर मौजूद रहे।
तिरुवनंतपुरम में रद्द हो
सकती है चैंपियनशिप
21 मार्च से तिरुवनंतपुरम में होने वाली चैंपियनशिप रद्द होने की चर्चाएं रहीं। संभावना है कि तिरुवनंतपुरम के बजाय अब हरियाणा के रोहतक में चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में अभी उनके पास कोई सूचना नहीं आई है। सूचना मिलने के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।