झांसी। फर्जी मालकिन बनकर जमीन बेचने वाली महिला समेत दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। अब पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
प्रेमनगर थानांतर्गत गढ़िया फाटक निवासी लीला देवी परमार पत्नी देवराज सिंह परमार की लहर गिर्द खोड़न सीपरी बाजार में जमीन है। वर्ष 2013 में उसे पता चला कि लीला देवी पत्नी देवराज निवासी बिहुनी कला थाना मुस्करा हमीरपुर ने उसकी जमीन पूरन सिंह निवासी लहर गिर्द को बेच दी गई है।
जब उसने बैनामा से संबंधित दस्तावेजों को खंगाला तो पता चला कि उस पर किसी महिला का फोटो लगा है। पीड़िता ने इस मामले की रिपोर्ट थाना नवाबाद में दर्ज करवाई। पीड़िता की शिकायत पर मामला जांच के लिए थाना सीपरी बाजार स्थानांतरित कर दिया गया। मामले की जांच करने पर पुलिस को पता चला कि लीला देवी बनी महिला का असली नाम संपत देवी पत्नी मूलचंद्र निवासी बिहुनी कलां हमीरपुर है।
संपत देवी ने मिलीभगत से नाम अपना नाम बदलकर जमीन बेची है। रजिस्ट्री कार्यालय में दस्तावेजों के आधार पर अपनी तस्दीक भी लीला देवी के रूप में करवाई। इस जालसाजी में संपत देवी के अलावा पति मूलचंद्र, जमीन क्रेता पूरन सिंह व गवाह अंशुमान शुक्ला निवासी बिहुनी खुर्द मुस्तरा शामिल हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। शनिवार को ग्वालियर रोड चौकी इंचार्ज यशवंत सिंह ने संपत देवी और जमीन क्रेता पूरन सिंह को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।