झांसी। मेहंदीबाग में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि आज भाजपा जो कुछ भी है, वो कार्यकर्ताओं की मेहनत, तप, त्याग और समर्पण की वजह से ही है। दो सीट वाली भाजपा का कद हिमालय जितना बड़ा बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने ही मुख्य भूमिका निभाई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पत्थर पर घास उगाई और देश भर में पार्टी छा गई है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता निस्वार्थ भाव से पार्टी से जुड़ा रहता है। कभी भी व्यक्तिगत या फिर पारिवारिक हित के लिए सिफारिश नहीं करता। स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि जिस सोच और विचारधारा के लिए भारतीय जनता पार्टी खड़ी हुई, उसे पूरा करने के लिए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक-एक कदम बढ़ रहे हैं। कश्मीर से अनुच्छेद-370 हट चुका है और राम मंदिर का निर्माण शुरू हो चुका है। आतंकवाद, नक्सलवाद का खात्मे और हिंदुत्व का झंडा ऊंचा उठने की दिशा में काम चल रहा है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद सिद्धांत की वजह से ही अंतिम व्यक्ति तक इलाज, सुविधाएं पहुंचाने का काम भाजपा सरकार कर रही है। प्रदेश में देव दीपावली, दीपोत्सव, कांवड़ यात्रा पर पुष्प वर्षा भाजपा की ही सरकार में देखने को मिल रहा है। इस दौरान महापौर रामतीर्थ सिंघल, विधायक रवि शर्मा, राजीव सिंह पारीछा, एमएलसी मानवेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष जमुना कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, प्रदीप सरावगी, कंचन जायसवाल, किरण वर्मा, आशीष उपाध्याय, संजीव श्रंगीऋषि, प्रियांशु डे, रोहित गोठनकर, अंकुर दीक्षित, शैलेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।
राठ में लौटा दिया था चेयरमैन का टिकट, आज विधायक भाजपा का
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा कि पार्टी बीच-बीच में कमजोर भी होती रही। एक समय राठ में चेयरमैन का टिकट दिया तो शाम को प्रत्याशी ने लौटा दिया। फिर वहां पर किसान युवक को लड़ने के लिए टिकट दिया। तहसील का घेराव कराया तो पहली ही बार में 500 से ज्यादा लोग इकट्ठे हो गए। आज राठ से भाजपा की विधायक चुनी गईं हैं। यह कार्यकर्ताओं की मेहनत का फल है।
जनसंघ, भाजपा से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से की बात
जनसंघ, बीजेपी से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से स्वतंत्रदेव सिंह ने बात की। 60 साल से ज्यादा उम्र के कार्यकर्ताओं ने अपना परिचय देते हुए अनुभव साझा किए। बांके बिहारी श्रीवास्तव, गिरीश सक्सेना, वीरेश्वर शुक्ला, धन्नूलाल गौतम, जयदेव पुरोहित, जगदीश चौहान, अरिदमन सिंह, राजू बुकसेलर आदि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने अपना परिचय, अनुभव, प्रसंग, स्मृतियां साझा कीं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के काफिले में शामिल कार पलटी, एक घायल
झांसी। सोमवार को दोपहर में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के काफिले में आ रही गाड़ियों में से एक कार अनियंत्रित होकर टहरौली थाना क्षेत्र के ग्राम धमना व शक्तिभैरों के पास पलट गई। गाड़ी में सवार ग्राम पिपरा निवासी रामसिंह पटेल घायल हो गए। पुलिस ने उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया।