BJP leader killers police unriched
- फोटो : demo
मतगणना के बाद चुनावी रंजिश में ग्राम पालर निवासी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता मुनीश चंचोदिया की हत्या में नामजद अभियुक्त अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। उनके संभावित ठिकानों पर लगातार पुलिस की दबिशें जारी हैं। हत्यारोपियों के नजदीकियों से भी पूछताछ की जा रही है। तनाव को देखते हुए अभी गांव में पीएसी और पुलिस तैनात है।
विधानसभा चुनाव की मतगणना के बाद ग्यारह मार्च को रात नौ बजे बड़ागांव थाना क्षेत्र के ग्राम पालर में भाजपा कार्यकर्ता मुनीश चंचोदिया की हत्या कर दी गई थी। मृतक के चाचा कमलेश ने गांव के ही दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने आठ टीमों का गठन किया था। इसके अलावा स्वाट टीम को भी लगाया गया था। लेकिन, घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली ही है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उनके कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, परंतु हाथ खाली ही रहे। हालांकि, पुलिस की हत्यारोपियों के नजदीकियों से लगातार पूछताछ जारी है, लेकिन सुरागकशी अब तक नहीं हो पाई है। एसपी सिटी दिनेश सिंह ने बताया कि हत्यारोपियों की तलाश लगातार जारी है, जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होंगे। उन्होंने बताया कि गांव में पीएसी और सिविल पुलिस के जवान तैनात हैं। गांव में शांति बनी हुई है।