सीपरी बाजार के चमनगंज में मारपीट l श्रोत वीडियो
झांसी। सीपरी बाजार के चमनगंज इलाके में गणेश विसर्जन के पश्चात आयोजित भंडारे में रविवार रात मामूली बात पर दो पक्ष भिड़ गए। उनके बीच जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष ने लात-घूंसों से पीटकर नगर निगम के पूर्व उपसभापति एवं भाजपा पार्षद दिनेश प्रताप सिंह उर्फ बंटी को लात-घूंसों से पीटकर घायल कर दिया। उनके हाथ में फ्रैक्चर आ गया।
कुछ देर बाद पुलिस पहुंच गई। सोमवार को मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उधर, देर शाम भाजपा पार्षद की तहरीर पर चिरगांव से पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पुत्र हर्षवर्धन यादव के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले बीच-बचाव करने के लिए आए पार्षद दिनेश के बेटे वेदांत समेत अन्य लोगों को भी आरोपियों ने पीट दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रविवार देर-रात भंडारा चल रहा था, तभी थार कार से हर्ष यादव अपने कई साथियों के साथ पहुंचा। बाहर जाने वाले रास्ते से वह लोग अंदर घुसने लगे। गेट पर मौजूद युवकों के रोकने पर हर्ष उनसे उलझ गया। शोर-शराबा सुनकर पूर्व उपसभापति एवं स्थानीय पार्षद दिनेश सिंह पहुंच गए। दिनेश ने हर्ष यादव को अंदर ले चलने की बात कही। तब तक हर्ष के कई दोस्त भी आ गए। उनके पहुंचते ही दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
हर्ष के साथ आए युवकों ने पार्षद दिनेश को बाहर घसीट लिया। उनके ऊपर जमकर लात-घूंसे बरसाए। बीच-बचाव के लिए आगे आए युवकों को पीटकर आरोपी भाग निकले। कुछ देर में सीपरी पुलिस पहुंच गई। सोमवार को तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसका वीडियो जमकर वायरल होने लगा। सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे के मुताबिक तहरीर के आधार पर आरोपी हर्ष यादव समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वीडियो के सहारे दूसरे आरोपियों की भी पहचान की जा रही है।
सीपरी बाजार के चमनगंज में मारपीट l श्रोत वीडियो