भाजपा ने शनिवार को महानगर में कमल संदेश बाइक रैली निकालकर लोकसभा चुनाव की तैयारियों का बिगुल फूंक दिया। रैली का नेतृत्व मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया। रैली में दो हजार से अधिक मोटर साइकिलों पर कार्यकर्ता सवार थे। रैली के चलते प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक रोका गया, इससे लोग परेशान रहे।
ग्वालियर रोड पर स्थित जीआईसी मैदान में रैली के शुभारंभ से पूर्व मुख्य अतिथि ने कहा कि आज भारत का नाम विश्व में लिया जा रहा है। विदेशी धरती पर भी भारत माता की जय के नारे लग रहे हैं। हम राजनीति व्यापार के लिए नहीं करते हैं। हम राजनीति राष्ट्र के गांव, गरीब और किसानों के लिए करते हैं। पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक को सम्मान देना पार्टी का लक्ष्य है। पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में हम सब आगे बढ़ रहे हैं।
इसके बाद मुख्य अतिथि की अगुवाई में रैली का शुभारंभ हुआ। रैली बीकेडी, चित्रा चौराहा, इलाइट, जेलचौराहा, कचहरी चौराहा, गोविंद चौराहा, रानीमहल, कोतवाली, खंडेराव गेट, आशिक चौराहा, बीकेडी होकर पुन: जीआईसी मैदान में समाप्त हुई। रैली में लोकसभा क्षेत्र के झांसी और ललितपुर दोनों जनपदों से कार्यकर्ताओं को बुलाया गया था। रैली में कार्यकर्ता पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाते चल रहे थे। कई महिला कार्यकर्ता भी दो पहिया वाहन चला रही थीं। चलहालांकि, रैली के निकलते वक्त सभी चौराहों पर पुलिस ने ट्रैफिक को रोके रखा। इससे जाम लगा रहा। हर चौराहे पर रैली निकलने के 15 मिनट बाद ही स्थिति सामान्य हो सकी। भारी वाहन भी भी प्रवेश नहीं कर सके। इससे लोग परेशान रहे। कार्यक्रम का संचालन डा. जगदीश सिंह और आभार वीरेंद्र सिंह निरंजन ने किया। कार्यक्रम संयोजक शैलेंद्र प्रताप सिंह रहे।