झांसी। शनिवार रात एक शादी समारोह में फोटोग्राफी करने जा रहे दो बाइक सवार युवकों को आशिक चौराहा के पास गाय के दौड़ते झुंड ने टक्कर मार दी। इस कारण दोनाें घायल हो गए। सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों ने दौड़कर अपनी जान बचाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना कोतवाली के लक्ष्मी गेट निवासी बृजेश साहू (36) व करन रायकवार (17) शादी समारोह में फोटोेग्राफी करते हैं। शनिवार रात को दोनों बाइक पर सवार होकर सीपरी बाजार स्थित एक विवाह घर जाने को निकले। अभी दोनों आशिक चौराहा के पास पहुंचे थे, तभी सामने से दस -बारह गाय का झुंड आ गया। इसकी चपेट में आकर बाइक सवार बृजेश व करन घायल हो गए। गायों का झुंड टक्कर मारकर आंतिया तालाब तक पहुंचा, जहां रास्ते में इन्हें देखकर घबराकर लोग सड़कों पर भागने लगे। आंतिया तालाब की तरफ एक गली में होते हुए झुंड निकल गया। काफी देर तक लोगों में यहां दहशत रही।