- परिजन का रो-रोकर बुरा हाल
संवाद न्यूज एजेंसी
गरौठा। बाइक से अपने घर राठ वापस लौट रहे बाइक सवार की ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची गरौठा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मऊरानीपुर भेज दिया। घटना लगभग शाम चार बजे की है।
राठ के मोहल्ला खुशीपुरा निवासी चंद्रप्रकाश (45) पुत्र बैजनाथ सोनी निजी कार्य से गुरसराय गए थे। अपने कार्य निपटाकर वह लगभग शाम 4 बजे मोतीकटरा गांव से होकर राठ जा रहे थे कि ग्राम मोतीकटरा गांव में डंपर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक के रिश्तेदारों ने बताया कि चंद्रप्रकाश तीन भाई हैं। चंद्रप्रकाश दूसरे नंबर का था। वह राठ में सर्राफा का कार्य करता था। सर्राफे के कार्य से ही वह शनिवार को गुरसराय गया हुआ था। कार्य निपटाने के बाद वह बाइक से गरौठा-मोतीकटरा से होकर राठ जा रहा था। मृतक के दो पुत्र एवं एक पुत्री है। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पत्नी पूजा का रो-रोकर बुरा हाल है।