बिजली विभाग के कामकाज को और बेहतर बनाने के लिए एक और कार्यालय खोल दिया गया है। वहां भी अधिशासी अभियंता बैठेंगे। पहले से चल रहे दो कार्यालयों से संबंधित उपभोक्ताओं में कई को इस नए कार्यालय से जोड़ दिया है। इस नए कार्यालय में अधिशासी अभियंता की तैनाती भी हो गई है। इस तरह शहर में बिजली विभाग के अब तीन खंड क्षेत्र हो गए हैं। इससे उपभोक्ताओं को खासी राहत मिलेगी।
अभी महानगर में 15 सबस्टेशनों से एक लाख तीन हजार पांच सौ उपभोक्ता (कनेक्शन) जुड़े हैं। विभाग ने अभी सबस्टेशनों और उपभोक्ताओं को दो भागों में बांट रखा है। अधिशासी अभियंता (प्रथम) के कार्यक्षेत्र में छह सबस्टेशन और 52,000 उपभोक्ता और अधिशासी अभियंता (द्वितीय) के कार्यक्षेत्र में आठ सबस्टेशन और 51,500 उपभोक्ता हैं। उपभोक्ताओं की संख्या के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों पर काम का दबाव भी बढ़ है। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है। बिल में संशोधन कराना हो, लोड बढ़वाना हो या कनेक्शन कटवाना हो, एक काम को कराने में महीनों लग जाते हैं। अभियंताओं का समय भी इस सबस्टेशन से उस सबस्टेशन चक्कर काटते बीत जाता है। वे कार्यालय में पर्याप्त वक्त नहीं दे पाते और उपभोक्ता निराश होकर लौट जाते हैं। इन समस्याओं को देखते हुए दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक एसके वर्मा ने तीसरे अधिशासी अभियंता का पद सृजित कर अनुभव कुमार की तैनाती कर दी है। नए अधिशासी अभियंता के साथ दो उपखंड अधिकारी भी काम करेंगे।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए यह कदम उठाया है। दीपावली के बाद तीसरे खंड कार्यालय में काम शुरू हो जाएगा। अन्य दो क्षेत्रों के कई उपभोक्ताओं को नए कार्यालय से जोड़ा गया है।
- आरपीएस तोमर, मुख्य अभियंता वितरण झांसी मंडल।
खंड-एक
--------
- जेल चौराहा, मेडिकल, गल्ला मंडी, हंसारी, बिजौली, ग्रोथ सेंटर सबस्टेशन, जिला न्यायालय और जिला अस्पताल के स्वतंत्र फीडर हैं। 25000 उपभोक्ता हैं क्षेत्र में, एक अधिशासी अभियंता के साथ दो उपखंड अधिकारी। अधिशासी अभियंता कार्यालय सुकुवां- ढुकुवां कॉलोनी के पीछे सिविल लाइन में। उपखंड अधिकारी का कार्यालय सुकुवां- ढुकुवां और मुन्नालाल सबस्टेशन। सात सबस्टेशन।
खंड-दो
-----------------
- मुन्नालाल, माताटीला हाइडिल कॉलोनी (नवनिर्मित), रानीमहल, उन्नाव गेट, सूती मिल सबस्टेशन। 35,500 उपभोक्ता। एक अधिशासी अभियंता और दो उपखंड अधिकारी। अधिशासी अभियंता कार्यालय मुन्नालाल सबस्टेशन में। उपखंड अधिकारी कार्यालय बीकेडी के निकट और नंदनपुरा सबस्टेशन पर। पांच सबस्टेशन।
खंड-तीन
---------------
- नंदनपुरा, सीपरी, प्रेमनगर, पुलिया नंबर नौ सबस्टेशन। 34,000 उपभोक्ता। एक अधिशासी अभियंता और दो उपखंड अधिकारी। अधिशासी अभियंता कार्यालय खालसा सीपरी बाजार सबस्टेशन पर। उपखंड अधिकारी कार्यालय नंदनपुरा और मेडिकल सबस्टेशन पर। चार सबस्टेशन।