झांसी। रंगों के पर्व होली पर बिजली और पानी की व्यवस्था दुरुस्त बनी रहे, इसके लिए संबंधित विभागों ने तैयारी शुरू कर दी है। बिजली विभाग ने जहां कई जगह मेंटेनेंस काम कराया है तो जलसंस्थान ने पाइप लाइन लीकेज व अन्य खराबियों को सुधारना शुरू कर दिया है।
होली से पहले और बाद के दिनों तक शहरवासियों को निर्बाध बिजली मिलती रहेगी। इसके लिए बिजली विभाग चाक चौबंद बंदोबस्त करने में जुटा हुआ है। लाइनों की मेंटेनेंस का काम तेजी से किया जा रहा है। इसके अलावा सब स्टेशनों पर भी उपकरणों को दुरुस्त किया जा रहा है। साथ ही त्योहार पर अवर अभियंता से लेकर उच्च अधिकारियों तक को छुट्टी नहीं मिल सकेगी। सभी को अलग- अलग क्षेत्रों में तैनात रहकर आपूर्ति पर निगाह रखनी होगी। इसी तरह जलसंस्थान ने हैंडपंप और लीकेजों को तेजी से सुधारने का काम शुरू कर दिया है। होली पर टंकियों से पानी की आपूर्ति लगातार चलती रहे, इसके लिए अवर अभियंता लगातार नजर रखेंगे। जरूरत पड़ने पर टैंकरों से पानी पहुंचाया जाएगा।
- होली पर शहरवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके, इसके लिए तैयारी कर ली गईं हैं। अचानक कोई फाल्ट आ भी जाए तो उसे आधे घंटे के भीतर दुरुस्त कर दिया जाएगा।
राकेश वार्ष्णेय, अधीक्षण अभियंता बिजली (महानगर)।
- होली पर शहरवासियों को पानी की दिक्कत नहीं होगी। टंकियों से लोगों को वक्त के हिसाब से जलापूर्ति मिलती रहेगी। जलापूर्ति पर अवर अभियंता लगातार नजर रखेंगे।
कुलदीप सिंह, अधिशासी अभियंता जलसंस्थान।