झांसी। शनिवार को उनावगेट, जेल चौराहा, रानीमहल, हंसारी, नंदनपुरा और पठौरिया फीडर से जुड़े इलाकों में तीन से चार घंटे का बिजली संकट रहा। अब बिजली नहीं तो पानी नहीं। पानी के लिए भी शहर के लोग हैंडपंप पर निर्भर रहे।
शनिवार को जेल चौराहा, रानीमहल आदि इलाकों में लाइन के मरम्मत का कार्य किया गया। इस दौरान क्षेत्र से जुड़े इलाके में दो घंटे बिजली सप्लाई ठप रही। वहीं, गल्लामंडी सब स्टेशन से जुड़े बंगलाघाट इलाके में पिछले एक महीने से बिजली की समस्या बनी हुई है। उधर, वीरांगना पब्लिक स्कूल के पास स्थित बंगलाघाट में रहने वाले अमित, राहुल, रिंकू, कुनाल, मुकेश, शादिल, कल्लू, नीलेश, मनोहर, निजाम, अनिल और नेकराम का कहना है कि पिछले एक महीने से बिजली की बहुत समस्या हो रही है। बिजली की बार-बार आवाजाही के कारण रातों में नींद नहीं आती है। इससे मोहल्ले में रहने वाले तकरीबन 200 घरों के लोगों का जीना दुश्वार है।
इनकमिंग केबल फुंकने से तीन घंटे ठप रही बिजली
झांसी। शनिवार की शाम तकरीबन पांच बजे नंदनपुरा सब स्टेशन की 33/11 केवी लाइन की इनकमिंग केबल फुंक गई। जिसके कारण पावर हाउस से जुड़े इलाकों की दो घंटे बिजली सप्लाई ठप रही। इस दौरान भीषण गर्मी में लोग बिलबिला उठे। इसके बाद विभाग के कर्मचारियों ने केबल की मरम्मत कराकर उपरोक्त क्षेत्र की बिजली सप्लाई को सुचारु करा दिया।
बारिश के मौसम में लाइनों मेें फाल्ट ज्यादा होते हैं, लाइनों के आसपास आने वाली पेड़ों की टहनियों की भी सफाई कराई जा रही है। इस दौरान शटडाउन लिया जाता है। जिससे संबंधित इलाके में बिजली की सप्लाई ठप होने से लोगों को परेशानी होनी लाजिमी है। - राजकुमार, अधीक्षण अभियंता