अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) के लिए बुधवार से अंबावाय की जमीनों के बैनामे शुरू किए गए। पहले दिन छह बैनामे हुए। जबकि सारमऊ में भी दो बैनामे किए गए। सब रजिस्ट्रार दफ्तर में बैनामों की प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही।
बीडा के लिए अब तक सारमऊ की जमीनों के बैनामे किए जा रहे थे। सारमऊ में 116 बैनामों के जरिए 106 हेक्टेयर जमीन ली जा चुकी है। इसके बाद प्रशासन की अंबावाय की जमीनों के बैनामे करने की योजना थी, परंतु तकनीकी खामी की वजह से इसकी शुरुआत नहीं हो पा रही थी। लेकिन, अब तकनीकी बाधा को दूर कर लिया गया है, इससे बुधवार को अंबावाय में बैनामों की शुरुआत हो गई। सब रजिस्ट्रार सुभाष चंद्र ने बताया कि पहले दिन अंबावाय की जमीनों के छह बैनामे हुए। जबकि दो बैनामे सारमऊ की जमीनों के किए गए। एक-दो दिन में ढिकौली गांव के भी बैनामे किए जाने लगेंगे।
बता दें कि अंबावाय में 650 काश्तकारों की 328 हेक्टेयर जमीन ली जानी है। जबकि, ढिकौली में 65 काश्तकारों की महज नौ हेक्टेयर जमीन ही ली जाएगी। प्रशासन की ओर से इसकी तैयारियां पूरी कर लीं गईं हैं।