झांसी। विनोद खंडकर अंडर 21 ऑल इंडिया गोल्ड कप हॉकी प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मैच हुए। इसमें भुसावल, ओटीएचएल दिल्ली, साईं भोपाल और एलवीएम झांसी ने जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। फाइनल के लिए बृहस्पतिवार को मुकाबले होंगे।
मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में हुए पहला क्वार्टर फाइनल मैच रेलवे बॉयज भुसावल और भिवानी हॉकी एकेडमी के बीच हुआ, जो 1 - 1 की बराबरी पर छूटा। ऐसे में पेनाल्टी शूट आउट का सहारा लिया, जिसमें भुसावल ने 3 - 0 से जीत दर्ज की। इसमें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भुसावल के हमीद खान को मिला।
दूसरे क्वार्टर फाइनल में ओटीएचएल दिल्ली ने तमिलनाडु हॉकी क ो 4-1 से हराया। दिल्ली के अमन ने पांचवें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद 16वें मिनट में रोहित ने, 42 वें और 43 वें मिनट में अर्पित व अभिनंदन ने लगातार एक - एक गोल किए। जबकि तमिलनाडु के श्रीराम ने एक गोल किया। मैन आफ द मैच का पुरस्कार अमन को दिया गया।
तीसरे क्वार्टर फाइनल में साईं भोपाल ने रोमांचक मैच में अमरावती को हराया। पहले हाफ में अमरावती की टीम 2-0 से आगे थी। लेकिन इसके बाद भोपाल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर मैच को 6 - 0 से जीत लिया। इसमें भोपाल के दीपक ने दो, जितेंद्र, हिमांशु, रजत, गगन ने एक - एक गोल किया। चौथे क्वार्टर फाइनल में एलवीएम झांसी ने लुधियाना हॉकी एकेडमी को 3 -0 से हराया। इसमें झांसी के अभि खटीक ने 15वें, सुवर्ण खांडेकर ने 25वें और 46वें मिनट में गोल किए। मैन आफ द मैच का पुरस्कार अभि खटीक को दिया गया।
इस अवसर पर रेलवे इंस्टीट्यूट के सचिव मुकेश श्रीवास्तव, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुबोध खंडकर, मनीष द्विवेदी, प्रवीण, जावेद अल्ताफ, विनम्र खंडकर, हीरालाल कुशवाहा, संजय नौराई, रमेश साहू, लखन लाल आदि मौजूद रहे।
इनमें होंगे सेमीफाइनल मैच
स्टेडियम में पहला सेमीफाइनल मैच बृहस्पतिवार दोपहर 2 बजे से रेलवे बायज भुसावल और साई भोपाल के मध्य खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल मैच दोपहर 3:30 बजे से एलवीएम हॉकी अकादमी और ओटीएचएल दिल्ली के मध्य खेला जाएगा।