झांसी। भोजला मंडी में 50 नई दुकानों का निर्माण किया जाएगा। ये दुकान पुरानी मंडी के फड़ लाइसेंसधारकों को प्राथमिकता के आधार पर आवंटित की जाएंगी। मंडी प्रशासन द्वारा इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दी गई है।
बस स्टैंड के पास स्थित गल्ला मंडी को भोजला स्थित नई मंडी में एक साल पहले शिफ्ट किया जा चुका है। पुरानी मंडी के कारोबारियों को नई मंडी में दुकान के बदले दुकान आवंटित की जा चुकी है। लेकिन, पचास से अधिक फड़ लाइसेंसधारकों को दुकानें नहीं मिल पाई हैं। इनके लिए भोजला मंडी में ‘सी’ श्रेणी की 50 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। मंडी परिषद ने इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। जल्द ही निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
पुरानी मंडी में बनेगी सुपर मार्केट
झांसी। सुभाष गंज में स्थित किराने की थोक दुकानों को खाली पड़ी पुरानी मंडी में ले जाने की कवायद जारी है। लेकिन, मंडी परिषद के नियमों के मुताबिक मंडी में कृषि उत्पादों का ही कारोबार किया जा सकता है। जबकि, थोक किराना कारोबारी चीनी, तेल, नमक आदि जैसे खाद्य पदार्थों का भी कारोबार करते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए बीच का रास्ता निकाल लिया गया है। इन कारोबारियों के लिए यहां सुपर मार्केट का निर्माण किया जाएगा। जबकि, अन्य थोक कारोबारियों को पुरानी मंडी में दुकानें आवंटित कर दी जाएंगी। मंडी सचिव पंकज शर्मा ने बताया कि इस पर मंगलवार को झांसी आए मंडी निदेशक अंजनी कुमार सिंह ने भी मुहर लगा दी है।