आगरा कैंट और ग्वालियर में होगा ठहराव, तिरुपति, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन का कराएगी दर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। दक्षिण भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों की यात्रा की चाह रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए भारत गौरव ट्रेन चलाने का फैसला रेलवे बोर्ड ने लिया है। यह विशेष रेलगाड़ी 28 जुलाई को दक्षिण भारत की दिव्य यात्रा पर रवाना होगी। 13 दिवसीय यात्रा पठानकोट कैंट स्टेशन से शुरू होगी और यात्रियों को तिरुपति, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन जैसे दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कराएगी।
इसके प्रमुख बोर्डिंग पॉइंट में जालंधर सिटी, लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, हजरत निजामुद्दीन, मथुरा, आगरा कैंट और ग्वालियर शामिल हैं। कुल मिलाकर यह यात्रा 12 रात और 13 दिनों की होगी, जिसकी वापसी 9 अगस्त को तय की गई है।
यात्रा के लिए तीन श्रेणियों में सीटें स्लीपर क्लास कुल 640 सीटें, थर्ड एसी में 70 सीटें और सेकेंड एसी में 50 सीटें उपलब्ध हैं। स्लीपर क्लास 30,135 रुपये, थर्ड एसी में 43,370 रुपये और सेकेंड एसी में 57,470 रुपये प्रति व्यक्ति होगा। इस पैकेज में ट्रेन टिकट के साथ-साथ दैनिक भोजन, आरामदायक आवास, दर्शनीय स्थलों की यात्रा के लिए एसी/नॉन-एसी बस, टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा एवं प्राथमिक चिकित्सकीय सुविधा आदि शामिल हैं। पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यह ट्रेन ग्वालियर से होते हुए दक्षिण भारत की ओर रवाना होगी।