झांसी। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) जुलाई और अगस्त में गोरखपुर से दो भारत गौरव पर्यटक ट्रेनों का संचालन करेगा। इन ट्रेनों से यात्री दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों, चार ज्योतिर्लिंगों और स्टेच्यू ऑफ यूनिटी का भ्रमण कर सकेंगे। दोनों ट्रेनों में झांसी, उरई और ललितपुर स्टेशनों से भी यात्री सवार और उतर सकेंगे।
आईआरसीटीसी लखनऊ के क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि पहली भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 31 जुलाई को गोरखपुर से रवाना होगी और 11 अगस्त तक 11 रात व 12 दिन की यात्रा कराएगी। इस दौरान यात्रियों को तिरुपति बालाजी मंदिर (तिरुपति), रामनाथस्वामी मंदिर (रामेश्वरम), मीनाक्षी मंदिर (मदुरै), कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग (मरकापुर) के दर्शन कराए जाएंगे।
यह ट्रेन गोरखपुर, मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, मां बेल्हा देवी धाम (प्रतापगढ़), प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और ललितपुर स्टेशनों पर रुकेगी।
दूसरी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 17 अगस्त को गोरखपुर से रवाना होगी। नौ रात और 10 दिन की इस यात्रा में महाकालेश्वर (उज्जैन), ओंकारेश्वर, नागेश्वर और सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, द्वारकाधीश मंदिर, भेंट द्वारका, सिग्नेचर ब्रिज तथा स्टेच्यू ऑफ यूनिटी का भ्रमण कराया जाएगा। यह ट्रेन 26 अगस्त को लौटेगी।
दोनों यात्राओं के लिए तीन श्रेणियों - इकोनॉमी (स्लीपर), स्टैंडर्ड (थ्री एसी) और कम्फर्ट (टू एसी)—में पैकेज उपलब्ध हैं। इनमें रेल यात्रा, ठहरने की व्यवस्था, नाश्ता, दोपहर व रात्रि का शाकाहारी भोजन तथा एसी/नॉन-एसी बसों से स्थानीय भ्रमण शामिल रहेगा। यात्रा की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन की जा सकेगी।
पैकेज शुल्क
31 जुलाई की यात्रा
इकोनॉमी (स्लीपर) : 23,560 रुपये प्रति व्यक्ति
स्टैंडर्ड (थ्री एसी) : 39,100 रुपये प्रति व्यक्ति
कम्फर्ट (टू एसी) : 51,760 रुपये प्रति व्यक्ति
17 अगस्त की यात्रा
इकोनॉमी (स्लीपर) : 18,380 रुपये प्रति व्यक्ति
स्टैंडर्ड (थ्री एसी) : 29,570 रुपये प्रति व्यक्ति
कम्फर्ट (टू एसी) : 38,870 रुपये प्रति व्यक्ति