झांसी। उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल जिला शाखा के तत्वावधान में भामाशाह अवार्ड नाइट का आयोजन आंतिया तालाब स्थित मेहंदी गार्डन में किया गया, जिसमें अलग- अलग क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सात व्यवसाइयों को भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कैट के अध्यक्ष बी सी भरतिया ने कहा कि संपूर्ण देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में व्यापारियों की पहचान दानवीर के रूप में भामाशाह ने कराई है। व्यापार मंडल संपूर्ण राष्ट्र में राज्य व जिला स्तर पर व्यापारिक हितों में कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मानित करेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से भामाशाह जयंती पर 25 जून को राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की मांग की। विशिष्ट अतिथि नगर विधायक रवि शर्मा ने व्यापारिक कार्य व सामाजिक कार्य करने पर व्यापार मंडल की प्रशंसा की। हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष एच के शर्मा ने कहा कि व्यापारी लामबंद होकर त्रिस्तरीय जीएसटी देश में नहीं लगने देंगे।
कार्यक्रम में उद्योग व व्यापार के क्षेत्र में रमेश चंद्र गहोई, व्यापार व निराश्रितों की सेवा व सहयोग के लिए राजकुमार बसरानी, चिकित्सा के क्षेत्र में डा गौरव गुप्ता, व्यापार व समाज सेवा के क्षेत्र में किशन लाल ख्यानी, व्यापार व सामाजिक कार्यों के लिए विनोद अग्रवाल, संगीत व साहित्य के क्षेत्र में सेठ राघवदास एवं उद्योग व अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में अपनी पहचान बनाकर झांसी को गौरवान्वित करने वाले संतोष सूरी को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिह्न व सम्मान पत्र देकर अतिथियों ने सम्मानित किया।
इसके पूर्व अतिथियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर मुंबई से आए गायक संदीप रॉय व कॉमेडियन मोहम्मद आशु मुस्ताक ने मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अरुण गुप्ता, रवि कमरया, अवध किशोर गेड़ा, अवधेश गहोई, लक्ष्मण दास, नीतेश अग्रवाल, संतोष साहू, चौधरी फिरोज, मोहन गेड़ा, अजीत राय आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन संजय सर्राफ, रविंका अग्रवाल व आभार जिला कोषाध्यक्ष सुनील नैनवानी ने व्यक्त किया।