समथर। नगर के अग्गा बाजार स्थित रामलीला मैदान में स्मृतिशेष रमेश यादव दादू की पुण्य स्मृति में भजन संध्या एवं बुंदेली लोकगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्री रामयश प्रचारक मंडल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में लोकगीत कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से देर रात तक समां बांधे रखा।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव मुख्य अतिथि तथा दीपांकर यादव मून और देवेंद्र सिंह दीपू विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजक इंद्रजीत सिंह इंदू यादव ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान अतिथियों ने स्मृतिशेष रमेश यादव दादू के व्यक्तित्व और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें याद किया।
कार्यक्रम में बुंदेली लोकगीत कलाकार जयसिंह राजा, रोशनी राजपूत और सुशीला कुशवाहा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने ‘सबके दिलों में दादू राज कर रहे हैं’ और ‘कोरी है कागज, चली ना कलम’ जैसे गीत प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। लोकगीतों की मधुर धुनों और प्रभावशाली गायन से कार्यक्रम में देर रात तक उत्साह बना रहा।
इस अवसर पर अन्ना तिवारी लहार हवेली, राघवेंद्र सिंह यादव कक्का, भगवत दयाल मुदगिल, श्रीकृष्ण व्यास, बल्लन गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।