भाई दूज पर भाइयों को टीका लगाती बहनें।
झांसी। बुधवार को भाई दूज का पर्व उत्साह से मनाया गया। बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक किया। उनकी सुखद और लंबी आयु की कामना की। इस मौके पर भाइयों ने भी बहनों को आकर्षक उपहार प्रदान किए।
भाई बहन के असीम प्रेम का पर्व भाई दूज की सुबह महिलाओं व लड़कियों ने घर के द्वार पर पूजा अर्चना की। इष्ट देव के दर्शन के बाद बहनों ने अपने भाइयों का रोली, चंदन, गुलाल, चावल आदि से तिलक किया और परम पिता ईश्वर से उनके लंबे जीवन और सुख समृद्धि की कामना की। इस मौके पर भाइयों ने आकर्षक उपहार अपनी बहनों को दिए और उनका आशीर्वाद लिया। वहीं, दूज के उपलक्ष्य में सुबह से ही मिठाइयों की दुकानों में रौनक रही। इसके साथ ही अंतरराज्यीय बस स्टैंड पर भी प्राइवेट व रोडवेज की बसों में महिला यात्रियों की अच्छी खासी भीड़ नजर आयी। हालांकि गरौठा सहित कई अन्य ग्रामीण इलाकों के लिए बसों का इंतजार भी यात्रियों को करना पड़ा।
मंदिरों में गाये बुंदेली फाग
होली के उत्साह में मंदिरों में भी श्रद्धालुओं और स्थानीय कलाकारों ने बुंदेली फाग गायी। ढोलक, मंजीरा की थाप पर भक्ति नृत्य किया और अपने आराध्य श्रीकृष्ण को फूलों व गुलाल से सराबोर किया। गोपीनाथ जी के मंदिर में बुंदेली फाग गीतों पर श्रद्धालुओं ने भगवान गोपीनाथ जी के साथ फूलों की होली खेली। इस दौरान ठंडाई और गुझिया पपड़ी का भी वितरण हुआ। मुरली मनोहर मंदिर, पसरट वाली गली स्थित श्री रघुनाथ जी का मंदिर, सीपरी के बांके बिहारी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी होली के गीत गाए गए।