मोंठ में थाना समथर के ग्राम लावन के पास एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। ग्रामीणों की मदद से यात्रियों को बस का कांच तोड़कर बाहर निकाला गया। हादसे में 14 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
समथर व मोंठ पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ भेजा गया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि प्राइवेट बस करीब एक बजे समथर से झांसी जा रही थी। जैसे ही वह लावन के पास पहुंची अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और बस खाई में जा पलटी जिसमें करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए।
घायलों में समथर की बबली पत्नी रवि (24), सुनीता पत्नी संतराम (35), लव राजपूत पुत्र हरिराम (22), लक्ष्मी पत्नी ग्यासी कुशवाहा (60), बसोबई निवासी विपिन पुत्र कुंवरलाल (16), देवकी नंदन पुत्र हरीराम लोधी (35), ग्राम पुलिया निवासी विमला देवी पत्नी नरेश पाल (46) , मनोहर पाल पुत्र लक्ष्मन (40), राजकुमारी पत्नी सरजू पाल (37), भूरी पत्नी श्रीपाल (52), जिला झांसी के ग्राम बडागांव निवासी सगुन पत्नी सियाराम (23), ग्राम लोहारी निवासी सीमा पत्नी बुद्ध प्रकाश (32), रामकुमार गौतम पुत्र रामकिसुन (30), ग्राम टोडी निवासी विवेक पुत्र भगवान सिंह (13), ग्राम मध्यप्रदेश के दवोह के ग्राम रडूआ निवासी रविंद्र पुत्र रामदयाल (48) व कस्बा मोंठ के अशोक नगर निवासी जालिम पुत्र सुखलाल घायल हो गए। इसमें से बबली, लवराजपूत, लक्ष्मी, विवेक, भूरी, राजकुमारी व विमला की हालत गंभीर होने पर झांसी रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम मोंठ मंजूर अहमद अंसारी, तहसीलदार.डॉ लालकृष्ण, कोतवाल अजय कुमार अवस्थी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे और घायलों से जानकारी ली।