बेसिक के विद्यार्थियों को 46 और नए शिक्षक मिले
झांसी। बेसिक शिक्षा विभाग में 69000 सहायक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत जिले को 46 और नए शिक्षक मिले है। इनके प्रपत्र की जांच बीएसए कार्यालय में 28 और 29 जून को तीसरे चरण की काउंसलिंग के अंतर्गत होंगे। नियुक्ति पत्र के लिए अलग से तिथि घोषित होगी।
बेसिक शिक्षा के स्कूलों में पढ़ाई के लिए शिक्षकों की कमी न हो, इसके लिए पिछले कुछ माह से शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। झांसी जिले में प्रथम और द्वितीय चरण में करीब 490 शिक्षकों की भर्तियां हुई है। जिन्हें ग्रामीण इलाकों के स्कूलों में भेजा गया था। अब 69000 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया के तहत 46 और शिक्षकों की सूची जिले में भेजी गई है। उनके प्रपत्रों का सत्यापन आज और कल बीएसए कार्यालय में होगा। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद इन्हें विद्यालयों में तैनाती ऑनलाइन मिलेगी। बीएसए हरिवंश कुमार ने बताया कि काउंसलिंग को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है।