झांसी। बरौनी एक्सप्रेस में पथराव की घटना से पहले आरोपी ने चिरगांव में पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस में भी घटना को अंजाम दिया था। छानबीन में जुटी आरपीएफ को पथराव का एक वीडियो मिला है। इसमें आरोपी को चिहिन्त कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पत्थरबाज युवक शराबी बताया जा रहा है।
बरौनी एक्सप्रेस 27 जून को झांसी से कानपुर के लिए निकली थी। करीब नौ किलोमीटर दूर मुस्तरा पर खड़ी गाड़ी पर शरारतीतस्वों ने पथराव कर दिया। इससे ए-1 कोच का कांच क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर आरपीएफ स्टेशन पोस्ट प्रभारी योगेश राणा ने अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मौके पर छानबीन की। जांच के दौरान आरपीएफ के हाथ वीडियो लगा। इसके आधार पर आरोपी की पहचान शराबी व भिखारी के रूप में हुई। पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की शिनाख्त हो चुकी है। आरपीएफ गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।