अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने एक जून को होने वाली बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। तय किया है कि हर जिले के कोषागार में पहली पाली का प्रश्नपत्र सुबह पांच बजे और दूसरी पाली का नौ बजे खुलेगा। परीक्षार्थी की ओएमआर शीट तीन प्रतियों में होगी। एक प्रति विवि आएगी दूसरी जिला कोषागार में और तीसरी प्रति अभ्यर्थी घर लेकर जा सकेगा।
बीयू के कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय, कुलसचिव विनय कुमार सिंह और प्रदेश समन्वयक प्रो. एसपी सिंह ने सोमवार को प्रदेश के 19 राजकीय विवि के कुलपति, कुलसचिव, उच्च शिक्षा अधिकारी, नोडल समन्वयक, जिला समन्वयक आदि के साथ वर्चुअल बैठक कर परीक्षा की तैयारियां साझा की। कुलपति ने बताया कि प्रदेश के 69 जिलों के 751 परीक्षा केंद्रों पर एक जून को परीक्षा होगी। जिसमें 3.47 लाख छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि 29 मई की रात तक प्रत्येक जिले में बीयू प्रतिनिधि अहम दस्तावेजों वाली किट लेकर पहुंच जाएंगे। 30 मई को बीयू प्रतिनिधि डीएम, डीआईओएस, जिला समन्वय आदि संग परीक्षा शुचिता से कराने की गाइड लाइन बताएंगे। इसके बाद प्रमुख परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन भी करेंगे।
कोषागार में प्रश्नपत्र का पैकेट खोलने के दौरान वीडियोग्राफी होगी और पुलिस के कड़े पहरे में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचेंगे। खास बात यह होगी कि परीक्षा संपन्न होने के बाद बीयू प्रतिनिधि ओएमआर सीट की दूसरी प्रति कोषागार में रखवाकर पूरी प्रक्रिया संपन्न कराएंगे। बीयू प्रतिनिधि अपनी रिपोर्ट कुलपति और कुलसचिव को सौंपाने के बाद ही जिला छोड़ेंगे।
0- प्रवेश-पत्र जारी करने का हुआ ट्रायल
कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि 25 मई की सुबह प्रवेश पत्र ऑनलाइन जारी कर दिए जाएंगे। सोमवार को परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र जारी करने की प्रक्रिया का ट्रायल किया गया। हर परीक्षार्थी को प्रवेश पत्र दो प्रतियों में डाउनलोड करके प्रिंट लेना होगा। परीक्षा कक्ष में एक प्रवेश पत्र जमा कर लिया जाएगा। ध्यान यह रखना है कि दोनों ही प्रतियों पर वहीं फोटो चस्पा होनी चाहिए, जो आवेदन के समय लगाई है।
0- 10 से 15 जून तक जारी कर देंगे परिणाम
कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि ओएमआर सीट जांचने के लिए पूरा सिस्टम तैयार कर लिया गया है। पूरा प्रयास किया जाएगा कि 10 से 15 जून के बीच परिणाम घोषित करके जुलाई से काउंसलिंग शुरू करवा दी जाए।