- प्रवेश परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट बाद तक हो सकेंगे शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के अभ्यर्थी एक जून को कक्ष में आधा घंटे पहले जा सकेंगे। विशेष परिस्थिति में 10 मिनट देरी से आने वाले अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। इसके बाद किसी को भी परीक्षा कक्ष में जाने की इजाजत नहीं होगी। यह जानकारी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के प्रदेश कॉर्डीनेटर प्रो. एसपी सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा प्रदेश के 69 जिलों के 715 केंद्रों पर कराई जाएगी, जिसमें 3.47 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों की सूची संबंधित जिला प्रशासन से प्रमाणित कराने के लिए जिला कॉर्डीनेटरों को भेज दी है, जो शनिवार रात आ जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र 23 मई की सुबह ऑनलाइन कर दिए जाएंगे। प्रो. एसपी सिंह ने बताया कि कम आवेदन आने की वजह से ललितपुर, चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर, कासगंज व श्रावस्ती में परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए हैं।
इन जिलों के अभ्यर्थियों का प्रथम दो प्राथमिकता के जिलों में परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। वहीं, सर्वाधिक आवेदन वाले वाराणसी, बलिया व चंदौली में सर्वाधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए तय मानक से ज्यादा अभ्यर्थियों को एक परीक्षा केंद्र पर बैठाया नहीं जा सकता है।
उन्होंने बताया कि तय किया गया है कि परीक्षा केंद्र परिसर में अभ्यर्थी को एक घंटे पहले प्रवेश दिया जाएगा। अभ्यर्थी नोटिस बोर्ड पर अपने रोल नंबर के हिसाब से कक्ष में आधा घंटे पहले प्रवेश कर सकेंगे। परीक्षा शुरू होने के अधिकतम 10 मिनट तक अभ्यर्थी को परीक्षा देने की इजाजत होगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष की बीयू में बने कंट्रोल रूम से ही निगरानी की जाएगी।