झांसी। छह जुलाई को प्रदेश भर में होने वाली बीएड की प्रवेश परीक्षा के लिए झांसी में 15 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 7371 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। सबसे ज्यादा 10 केंद्र बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए हैं।
बीएड की प्रवेश परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ से दोपहर 12 और दूसरी पाली की दोपहर दो से शाम पांच बजे तक चलेगी। परीक्षा के जिला समन्वयक डॉ. डीके भट्ट ने बताया कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में दस केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा बिपिन बिहारी महाविद्यालय, बिपिन बिहारी इंटर कॉलेज, महिला महाविद्यालय, जीआईसी, एसपीआई में एक-एक केंद्र बनाया गया है। एसपीआई में 371 परीक्षार्थी बैठेंगे। जबकि, अन्य सभी केंद्रों पर 500-500 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। बीयू के बीएड परीक्षा के नोडल अधिकारी डॉ. सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि कैंपस में होने वाली परीक्षा के लिए शिक्षकों की ड्यूटी तय हो रही है। केंद्राध्यक्ष बना दिए गए हैं। चार जुलाई को परीक्षा का नोडल सेंटर बरेली विश्वविद्यालय के अधिकारी आकर प्रशासन, समन्वयक आदि के साथ बैठक करेंगे। इसमें नई गाइडलाइन भी बताई जा सकती है।