प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी मंगलवार को लखनऊ में बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित करेंगे। इसके चलते सोमवार को बीयू के कुलपति, कुलसचिव, प्रदेश समन्वयक आदि रिजल्ट लेकर लखनऊ रवाना हो गए। बताते हैं कि उच्च शिक्षामंत्री परिणाम घोषित होने के बाद टॉपर्स से ऑनलाइन बात कर सकते हैं।
बताते चले, बीयू लगातार तीन साल से बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा करवा रहा है। इस बार 4,44,958 ने अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। 31 मई को प्रदेश के 1,011 केंद्रों पर हुई परीक्षा में 4,00,505 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। शासन से मिले दिशा-निर्देशानुसार बीयू 16वें दिन परिणाम जारी करेगा। परिणाम में किसी भी तरह की गलती नहीं रहे, इसके लिए ओएमआर सीट की कई चक्र में रैंडम जांच की गई।
कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने बताया बीएड के रिजल्ट को जारी करने से पहले कई बार रैंडम व क्राॅस चेकिंग की जा चुकी है। मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे लखनऊ में उच्च शिक्षा मंत्री व उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रिजल्ट जारी करेंगे।
- एक जुलाई से शुरू हो जाएगी काउंसलिंग
कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने बताया कि परिणाम जारी होने के बाद प्रवेश की काउंसलिंग एक जुलाई से होगी। काउंसलिंग चार चक्र में अगस्त के मध्य तक पूर्ण करवा ली जाएगी।