कोरोना वायरस के खिलाफ जारी जंग में रविवार का दिन अहम साबित होने वाला है। संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए प्रधानमंत्री ने रविवार को जनता कर्फ्यू को एलान किया है। सुबह सात से रात नौ बजे तक घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है। इसका खासा प्रभाव देखने को मिल रहा है। देशहित में किए गए इस फैसले को सभी ने हाथों हाथ लिया है। जनता कर्फ्यू की कमान खुद जनता ने अपने हाथ में ले ली है। व्यापारी हों या नौकरीपेशा लोग, सभी ने तय किया है कि वे न तो खुद घर से बाहर निकलेंगे और न ही परिवार के किसी सदस्य को निकलने देंगे।
वैसे तो झांसी समेत पूरे बुंदेलखंड में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज एक भी सामने नहीं आया है। संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट लगातार नेगेटिव आ रही हैं। बावजूद, यहां सतर्कता में कोई कमी नहीं है। लोग खुद तो जागरूक हैं ही और दूसरों को भी सचेत करने का काम कर रहे हैं। यही वजह है कि वायरस को आगे बढ़ने से रोकने लिए रविवार को होने वाले जनता कर्फ्यू को सभी ने हाथों हाथ लिया है। महिला - पुरुष, बच्चे - बड़े सभी कोरोना के खिलाफ जारी जंग के सिपाही बन गए हैं। सभी ने तय कर लिया है कि वे पूरे 14 घंटे घर से बाहर नहीं निकलेंगे। यहां तक कि लोगों ने आगे बढ़कर पूरे 24 घंटे घरों में रहने की तैयारी कर ली है।
जनता कर्फ्यू का असर एक दिन पूर्व शनिवार को भी खासा नजर आया। दफ्तरों में कर्मचारी तो रहे, परंतु आम लोगों की आमद न के बराबर ही रही। यही स्थिति प्रमुख बाजारों में भी देखने को मिली। दुकानें खुलीं, परंतु ग्राहक नदारद रहे। हालांकि, सब्जी, किराने आदि की दुकानों पर जरूरत रोजाना से अधिक भीड़ रही। लोगों ने रविवार के लिए एक दिन पहले ही खरीदारी कर ली।
कोरोना से बचाव के लिए जनता कर्फ्यू का समर्थन करते हैं। बंद से काफी हद तक इस पर कंट्रोल हो सकता है।
मोहम्मद कामरान, अलीगोल
पूरी दुनिया में वायरस का तेजी से कहर जारी है। ऐसे में सावधानी से ही इस जानलेवा वायरस से निजात मिल सकती है।
गिर्राज, सीपरी बाजार
लोगों को भीड़-भाड़ वाली जगहों से परहेज करना आवश्यक हैं। बंद होने से लोग एक जगह इकट्ठा नहीं हो सकेंगे।
रोहित, सीपरी बाजार
भारत के प्रधानमंत्री की अपील का पूरी तरह से समर्थन करते हैं। रविवार को हम सभी घरों में रहकर ही समय बिताएंगे।
धर्मेंद्र मंनचंदानी, सीपरी बाजार
प्रधानमंत्री की बात का समर्थन करने के लिए आज पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। इससे काफी हद तक वायरस कंट्रोल की उम्मीद है।
योेगेश, सीपरी बाजार
हर जगह कोरोना वायरस का खौफ हो गया है। जनता कर्फ्यू का पूरी तरह से समर्थन करते हैं। आज सभी लोग घरों में ही रहेंगे।
कृष्णा मात्रे, सीपरी बाजार
यह एक अच्छी पहल है, जिसके चलते लोग जागरूक होने के साथ ही वायरस पर काबू पाया जा सकेगा। समर्थन करते हैं।
राजे सेठी, सीपरी बाजार
लोगों के सामने जानलेवा बीमारी से लड़ने का लक्ष्य है। सबको मिलकर ही इस बीमारी से लड़ना होगा। एकजुट होकर मुकाबला करेंगे।
राहुल, तालपुरा
प्रधानमंत्री की अपील का भरपूर स्वागत करते हैं। रविवार को बंद रखकर एकजुट होने का संदेश सभी को देना चाहिए।
राकेश, इलाइट चौराहा