झांसी। थाना सीपरी बाजार स्थित एक होटल के कर्मचारियों ने रविवार को विवाद के चलते सैन्य कर्मी की पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो कर्मचारियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने चार अज्ञात लोगाें पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
कानपुर निवासी सुयश बलानी सैन्य कर्मी हैं। 21 दिसंबर की रात वह अपने परिवार के साथ झांसी आए थे। रात में वह थाना सीपरी बाजार स्थित वीर भूमि पैलेस में सपरिवार ठहरे। आरोप है कि रात में कर्मचारियों से कंबल मांगे, जिसके लिए मना कर दिया। रविवार सुबह नहाने के लिए गर्म पानी भी उनको नहीं मिला। इसकी शिकायत करने पर कर्मचारी उग्र हो गए। विरोध करने पर उनकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर चार लोगों पर एफआईआर दर्ज की है।