बदमाशों ने हाईवे पर दो ट्रकों से 650 बोरी चना और 100 क्विंटल प्याज लूटा
झांसी। बदमाशों ने झांसी-कानपुर हाईवे पर दो ट्रकों को लूट लिया। एक ट्रक से 650 बोरी चना लूटा गया है। इस ट्रक के मालिक और हेल्पर लापता हैं। वहीं दूसरे ट्रक से महाराष्ट्र से लाया जा रहा 100 क्विंटल प्याज लूट लिया गया। ट्रक मालिक से 56000 हजार का कैश भी छीना गया है। स्कार्पियो सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। लूट की दो वारदातों से पुलिस में हड़कंप मच गया। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
कानपुर के काकादेव पुरानी बस्ती निवासी सोहन पाल ट्रक मालिक हैं। वह अपना ट्रक खुद ही चलाते हैं। सोहन पाल 4 जनवरी को ट्रक लेकर कानपुर से निकला था। देवास (मध्य प्रदेश) से ट्रक में चना भरा और लखनऊ के लिए चला। सोहन पाल के साथ हेल्पर पवन भी था जो शिवपुरी जिले के अमोला गांव का रहने वाला है। सोहन पाल से उसकी पत्नी की 10 जनवरी तक बात हुई लेकिन उसके बाद कोई संपर्क नहीं हो सका। 13 जनवरी को पुलिस ने सोहन पाल के परिवार वालों को सूचना दी कि उनका ट्रक सेमरी टोल प्लाजा के पास खड़ा है। सूचना पाकर सोहन पाल की पत्नी बेबी पाल चिरगांव थाने पर पहुंची और मुकदमा दर्ज करा दिया है। ट्रक से चने की 650 बोरी गायब हैं। ट्रक मालिक सोहन पाल और हेल्पर पवन लापता हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं ट्रक लूट की दूसरी वारदात हाईवे पर एट थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। यहां महाराष्ट्र से प्याज लेकर कानपुर की चकरमंडी जा रहे आ रहे ट्रक को अगवा करके 100 क्विंटल प्याज लूट लिया गया। शिवपुरी निवासी ट्रक मालिक सतेंद्र, चालक खेमराज और हेल्पर दिनेश से 56000 का कैश भी लूटा गया है। ट्रक मालिक सतेंद्र ने बताया कि स्कार्पियो सवार बदमाशों ने लूटपाट की है। स्कार्पियो सवार बदमाश ट्रक को झांसी-खजुराहो राष्ट्रीय राजमार्ग भदरवारा के पास छोड़ गए।