झांसी। कोरोना वायरस के संक्रमण की दूसरी लहर की रूह कंपा देने वाली तस्वीर अभी धुंधली नहीं पड़ी है और पहले से ज्यादा खतरनाक तीसरी लहर के आने की आशंका जताई जा रही है। प्रधानमंत्री तक इसे लेकर चिंता जता चुके हैं। बावजूद, तमाम लोग बेपरवाह बने हुए हैं। बाजारों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर उमड़ने वाली भीड़ के चेहरे पर मास्क तक नहीं आते हैं, सोशल डिस्टेंसिंग तो दूर की बात है। बुधवार को अमर उजाला की टीम ने महानगर के अलग-अलग स्थानों पर पड़ताल की तो हद दर्जे की लापरवाही सामने आईं।
बस स्टैंड - दोपहर:12.30 बजे
...............................................
खचाखच भरी बसों में सोशल डिस्टेंसिंग तार-तार
बस स्टैंड पर दोपहर 12.30 बजे हर ओर भीड़ नजर आ रही थी। कोई अपनी बस की प्रतीक्षा कर रहा था, तो कोई बस से उतरकर गंतव्य की ओर रवाना हो रहा था। ठेले - खोमचों पर भी ग्राहकों की भीड़ थी। होमगार्ड के जवान भी अपने मोर्चे पर डटे हुए थे। लेकिन, इक्का-दुक्का को छोड़ दिया जाए, तो इनमें से किसी के चेहरे पर मास्क नहीं थे। खचाखच भरी बसों में न सवारियों के चेहरे पर मास्क था और नहीं बस स्टाफ के। धक्कामुक्की के बीच सोशल डिस्टेंसिंग दूर- दूर तक नजर नहीं आ रही थी।
मोबाइल मार्केट - दोपहर 01.20 बजे
.......................................................
पैदल चलना भी हो रहा था दुश्वार
बुधवार की दोपहर 01.20 बजे जब अमर उजाला की टीम मानिक चौक स्थित मोबाइल मार्केट में पहुंची तो भीड़ का आलम ये था कि पैदल चलने के लिए भी जगह खोजनी पड़ रही थी। मार्केट की संकरी गली में लोगों की आवाजाही आपस में सटकर हो रही थी। यहां की दुकानें भीड़ से गुलजार थीं, लेकिन कुछ एक को छोड़ दिया जाए तो ज्यादातर लोगों के चेहरे पर मास्क नहीं थे। तमाम लोग नाक और मुंह से नीचे मास्क लटकाए हुए थे। हमारी टीम का कैमरा ऑन होते ही वहां हड़बड़ी मच गई और लोग अपने-अपने चेहरे पर मास्क या रुमाल लगाते नजर आए।
नरिया बाजार - दोपहर 02.45 बजे
...................................................
थमा हुआ था ट्रैफिक, लगा था जाम
नरिया बाजार में दोपहर 02.45 बजे जाम लगा हुआ था। संकरे रास्ते से एक चौपहिया के गुजरने की वजह से बाइक और ऑटो फंसकर रह गए थे। ज्यादातर वाहन चालकों के चेहरे पर मास्क तो थे, लेकिन नाक और मुंह से नीचे ठोड़ी पर लटके हुए थे। आसपास के दुकान पर भी बेपरवाही के साथ अपने कारोबार में व्यस्त थे। दुकानों पर आने वाले ग्राहक भी मास्क नहीं लगाए हुए थे। भीड़भाड़ के बीच सोशल डिस्टेंसिंग दम तोड़ती नजर आ रही थी।