बरुआसागर (झांसी)। प्रदेश सरकार की नीतियां जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही समाजवादी पार्टी की साइकिल यात्रा में पार्टी की गुटबाजी उभरकर सामने आ रही है। साइकिल यात्रा निकालने पर सपा नेता और जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष के पुत्रों ने पार्टी के बबीना विधानसभा क्षेत्र के महासचिव को पीटकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपियों पर लूटपाट का भी आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दे दी है।
नगर निवासी विमलेश डोली सोनी समाजवादी पार्टी के बबीना विधानसभा क्षेत्र के महासचिव हैं। रविवार को उनके नेतृत्व में पार्टी की नीतियां जन-जन तक पहुंचाने के लिए साइकिल यात्रा निकाली गई। साइकिल यात्रा में राज्यसभा सांसद डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव के भतीजे व सपा नेता सिंहव्रत सिंह बबुआ मुख्य अतिथि थे। विमलेश का कहना है कि साइकिल यात्रा के बाद वह पेट्रोल पंप के पास स्थित एक दुकान पर बैठे हुए थे, तभी जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष का पुत्र उनके पास आया और घर चलने को बोलने लगा।
पार्टी नेता होने के नाते वह उनके घर चला गया।
विमलेश का आरोप है कि घर पहुंचने पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष के पुत्रों ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर उसको बुरी तरह पीटा। आरोप है कि उससे सोने की चेन, कान की बाली व जेब में रखे सत्ताइस सौ रुपए छीन लिए। उसका शोरगुल सुनकर मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। जैसे-तैसे वह जान बचाकर मौके से भागा। मामले को लेकर थानाध्यक्ष पंकज सिंह यादव ने बताया कि पीड़ित विमलेश की चिकित्सीय जांच कराई गई है। मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच की जाएगी।