भवन सील करती झांसी विकास प्राधिकरण की टीम।
- फोटो : REPORTERS
झांसी। इलाइट-सीपरी मार्ग स्थित संयुक्त कृषि निदेशक कार्यालय के सामने पांच मंजिला इमारत में पार्किंग की जगह रेस्टोरेंट व गिफ्ट सेंटर का संचालन किया जा रहा था। जेडीए द्वारा स्वामी विनोद कुमार राय को कई बार नोटिस जारी किया गया था। नोटिस की अनदेखी करने पर इमारत के बेसमेंट को सील कर दिया गया है।
इमारत के बेसमेंट में पार्किंग की जगह लगभग चालीस गुणा पैंतालीस वर्ग फीट के क्षेत्रफल में दो बड़े-बडे हॉल का निर्माण कराया गया था। जिसके दोनों हॉलों को व्यावसायिक रूप से इस्तेमाल किया जा रहा था। वहीं स्वामी द्वारा बिल्डिंग के स्वीकृत मानचित्र में बेसमेंट में पार्किंग को दर्शाया गया था। इसके अलावा जेडीए द्वारा इमारत का पूर्णता प्रमाण भी अभी तक जारी नहीं किया गया है। जिसको लेकर जेडीए ने एक बार फिर ग्यारह अगस्त को नोटिस जारी किया था। जारी नोटिस में बीस अगस्त को सुनवाई की तिथि तय की गई थी। लेकिन स्वामी द्वारा कोई भी जबाव दाखिल नहीं किया गया था। जिसके चलते झांसी विकास प्राधिकरण द्वारा इमारत के बेसमेंट को सील कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान जेडीए के अवर अभियंता सुखवीर सिंह, संजय गुप्ता, संतोष वर्मा व अनुचर संतोष व अमन मौजूद रहे।
इस संबंध में जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार दीक्षित ने बताया कि इमारत के स्वीकृत मानचित्र में बेसमेंट को पार्किंग के रूप में दर्शाया गया है। जबकि बेसमेंट को व्यावसायिक रूप से इस्तेमाल किया जा रहा था। नोटिस का जबाव नही देने पर सील करने की कार्रवाई अमल में लाई गई है।