बैंकों की लगातार पांच दिन की छुट्टी है। ऐसे में लोगों को नकदी के लिए सिर्फ एटीएम (ऑटोमेटेड टेलर मशीन) का ही सहारा है। लेकिन, सोमवार को शहर के ज्यादातर एटीएम भी साथ छोड़ गए। इससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
शनिवार को माह का द्वितीय शनिवार होने की वजह से बैंक बंद थे। जबकि, रविवार को साप्ताहिक अवकाश था। सोमवार को शारदीय नवरात्रि की नवमी की छुट्टी रही। मंगलवार को दशहरा व बुधवार को मोहर्रम की छुट्टी रहेगी। बैंकों की यह लगातार पांच दिन की छुट्टियां लोगों पर भारी पड़ रही हैं। नकदी के लिए लोग परेशान हैं। क्योंकि शहर के ज्यादातर एटीएम साथ छोड़ चुके हैं। सोमवार को पैसा निकालने के लिए लोग इस एटीएम से उस एटीएम पर चक्कर लगाते नजर आए। बावजूद, उन्हें मायूसी ही उठानी पड़ी। जो इक्का - दुक्का एटीएम से पैसा निकल भी रहा था, तो वहां लोगों की लंबी - लंबी कतारें लगी नजर आईं। इस दौरान लोग बैंकिंग कार्यप्रणाली को कोसते नजर आए।
दोपहर - 01:25
--------------
ग्वालियर रोड कुंज बिहारी मंदिर के पास पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पर सीपरी बाजार निवासी जे एस भोगल पहुंचे। उन्हें दस हजार रुपये की आवश्यकता थी। इसके लिए उन्होंने मशीन में कार्ड डाला, केवल पर्ची निकली, रुपये नहीं निकले। इससे पहले भी वह दो एटीएम पर ट्राई कर आए थे, लेकिन नकदी उनके हाथ नहीं आ पाई थी।
दोपहर - 01:55
-------------
इलाहाबाद बैंक चौराहा रोड पर एसबीआई के दो एटीएम है। इसमें एक एटीएम पर भीड़ काफी थी, जिसके चलते जेल चौराहे से आईं कामनी दूसरे एटीएम पर पहुंची, लेकिन यहां उनका काम नहीं बन पाया। इससे पहले भी वह कई एटीएम से होकर यहां पहुंची थीं। आखिरकार वह दूसरे एटीएम पर लगी लंबी कतार में पीछे जाकर खड़ी हो गईं।
दोपहर - 02:35
--------------
रेलवे स्टेशन के पास स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम पर ग्वालियर से आए योगेंद्र सिंह पहुंचे। उन्होंने मशीन में कार्ड लगाया, पिन डालने के बाद अमाउंट फीड किया, परंतु इसके बाद मशीन से पर्ची बाहर आई। नकदी नहीं निकली। इस पर पर बैंकिंग सेवाओं को कोसते नजर आए।
शाम - 04:45
-------------
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पास स्थित एसबीआई के एटीएम में कैश नहीं था। इस दौरान विश्वविद्यालय के छात्र विक्रम रुपये निकालने पहुंचे, लेकिन उन्हें मायूसी ही मिली। इससे पहले भी वह कई एटीएम पर चक्कर लगा आए थे। लेकिन, सभी जगह उनके हाथ खाली ही रहे।
छुट्टी में नहीं डाली जाती नकदी
अवकाश के दिनों में एटीएम में कैश नहीं डाला जाता है। छुट्टियों से पहले सभी एटीएम में पर्याप्त नकदी की व्यवस्था कर दी गई थी। नकदी की मांग अधिक होने के चलते समय से पहले एटीएम में नकदी खत्म हो गई है। हालांकि, लोगों की परेशानियों को दृष्टिगत रखते हुए मंगलवार को एटीएम में कैश की व्यवस्था सुनिश्चित करने की कोशिश की जाएगी।
- नीरजा कुमार, मंडल प्रमुख - पीएनबी