संवाद न्यूज एजेंसी
टोड़ी फतेहपुर। पंजाब नेशनल बैंक की टोड़ी फतेहपुर शाखा में काला सांप होने की अफवाह से बृहस्पतिवार को दिन भर कामकाज ठप बना रहा। ग्राहक बैंक शाखा से दूरी बनाए रहे, जबकि कर्मचारियों में भी अफरा-तफरी की स्थिति रही। काफी तलाश किए जाने के बाद सांप नजर नहीं आया।
बृहस्पतिवार की सुबह बैंक शाखा में साफ-सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान सफाई कर्मी प्रताप ने शाखा प्रबंधक अभिषेक राय को बताया कि उसे एक काला सांप दिखाई दिया है, जो बैंक के एक कमरे में घुस गया। यह सुनते ही शाखा में हड़कंप मच गया। शाखा प्रबंधक ने तत्काल सांप पकड़ने के लिए सपेरों को बुलवाया सपेरों। वह सांप की तलाश में बताए गए कमरे में दाखिल हो गए। कमरे में ढेरों फाइल और दस्तावेज रखे हुए थे, जिन्हें बाहर निकाला गया। सपेरे कई घंटे तक बैंक में सांप की तलाश करते रहे, लेकिन वह नजर नहीं आया। इस दौरान बैंक का कामकाज ठप बना रहा। ग्राहक बैंक शाखा में जाने से कतराते रहे।