झांसी। रविवार को पुरानी तहसील स्थित एक विवाह घर में रानी लक्ष्मीबाई कॉपरेटिव बैंक की पहली वार्षिक साधारण सभा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि महापौर रामतीर्थ सिंघल ने कहा कि बैंक देश की अर्थव्यवस्था का आइना होते हैं।
बैठक में अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र सिंह यादव ने कहा कि बैंक स्थापना के 31 सालों के बाद बैठक आहूत की गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बैंक का शुद्ध लाभ 50.06 लाख रुपये है। वर्तमान में खाताधारकों की जमा धनराशि 13162.52 लाख है। बैंक का एनपीए 44 करोड़ रुपये था जिसमें से 27 करोड़ रुपए जमा कर लिया गया है। विशिष्ठ अतिथि विधायक रवि शर्मा ने कहा कि 31 साल बाद बैंक की प्रथम साधारण सभा की बैठक बुलाना सराहनीय कार्य है। बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने कहा कि लोगों की तरक्की में बैंकों की अहम भूमिका होती है। जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन जयदेव पुरोहित ने कहा कि हम ईमानदार है इससे काम नहीं चलता है बल्कि ईमानदारी हमारे व्यवहार में दिखना आवश्यक है। सचिव विनोद रिछारिया ने बैंक की संपूर्ण आख्या पेश करते हुए कई प्रस्तावों पर करतल ध्वनि से सहमति प्रदान की। इस मौके पर बैंक की उपाध्यक्षा प्रियंका सोनी, कमलेश श्रीवास्तव, डॉ. केशभान सिंह पटेल, रविंद्र कुमार, संजय अग्रवाल, मनीष पाठक, आशीष हजेला, लखन कुशवाहा, गजेंद्र श्रीवास, रमाकांत दुबे को सम्मानित किया गया। इस मौके पर रमेश अग्रवाल, पुरुषोत्तम स्वामी व राजेंद्र शर्मा मौजूद रहे। संचालन रामेश्वर राय ने व आभार डायरेक्टर रमाकांत दुबे ने जताया।