झांसी। सहालग इस समय जोरों पर चल रही है। छह से 20 फरवरी तक शादियों की भरमार है। शहर में लगभग 500 से अधिक शादियों की तैयारियां चल रही हैं। बैंडबाजा और बराती सभी तैयार हैं, लेकिन बरातियों को ले जाने के लिए लोगों को बसें ढूंढे नहीं मिल रही हैं। असल में चुनाव में 400 से अधिक निजी बसें अधिग्रहीत होने से जनाती और बराती दोनों इस बात से परेशान हैं कि अब बरात कैसे ले जाएंगे।
हर साल फरवरी महीने में सहालग तेज होती है। इस बार शादियों के सीजन के बीच विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण के मतदान के दिन 10 फरवरी को ही जबरदस्त सहालग है। महानगर में 20 फरवरी को होने वाले तीसरे चरण के मतदान से पहले ही 5,6,7,9,10,11,12,18,19 20 और 22 फरवरी तक जबरदस्त सहालग है।
उधर, मांग बढ़ने पर अब चुनाव के लिए दो हजार से अधिक वाहनों की जरूरत है, जिसमें 732 भारी वाहन और 1508 छोटे वाहनों का अधिग्रहण करना है। इनमें 510 भारी वाहन और 1154 छोटे वाहनों का अधिग्रहण कर उनकी फिटनेस कराकर चुनाव के लिए तैयार कर लिया गया है। स्कूल, कॉलेज की बसें और अन्य छोटे-बड़े वाहनों को अधिग्रहण कर लिया है। इससे बरातियों को ले जाने के लिए बसें ढूंढे नहीं मिल रहीं है, लोग परेशान हैं।
मेरी शादी 18 फरवरी को है, बरातियों के लिए बस बुक की थी, लेकिन बस स्वामी ने चुनाव में बस जाने के लिए बुकिंग कैंसिल कर दी, अब घरवाले परेशान हैं कि बरात कैसे ले जाएं।
-आदित्य, तालपुरा
मेरी बेटी की शादी 20 फरवरी को होनी है, बरातियों के लिए बस बुक की थी, लेकिन वाहन स्वामी ने वाहनों के अधिग्रहण करने को लेकर बुकिंग कैंसिल कर दी, अब दूसरी व्यवस्था कर रहा हूं।
अंसारुल हसन, नगरा
बुकिंग कैंसिल करने से बस मालिकों को लगा लगभग 50 लाख का झटका
महानगर के निजी बस मालिकों ने सहालग के चलते फरवरी महीने में होने वाली शादियों की पहले से ही बुकिंग ले ली थी, लेकिन अब परिवहन विभाग ने उनकी सभी 400 निजी बसों को 17 फरवरी से 20 फरवरी तक अधिग्रहण कर लिया है, जिससे उनको करीब 50 लाख की बुकिंग कैंसिल करनी पड़ी, जिससे सभी बस स्वामी परेशान हैं। उनका कहना है कि फरवरी महीना सहालग का महीना होता है। इस महीने में शादी की बुकिंग अधिक मिलती हैं लेकिन चुनाव के चलते सभी बुकिंग कैंसिल करनी पड़ी।
बोले बस मालिक
बस मालिक ने बताया चुनाव में बसों को अधिग्रहण कर लिया गया है, जिससे लगभग दो से तीन लाख की बुकिंग कैंसिल कर दी है।
लोकेंद्र यादव
अभी दो बसें लोन पर ली थी, फरवरी में कुछ भरपाई कर लूंगा, लेकिन करीब पांच लाख की बुकिंग कैंसिल कर दी।
सुरेश कुमार
फरवरी महीने में सभी बस स्वामियों को अच्छी कमाई हो जाती है, जिससे सभी को मिलाकर लगभग 50 लाख का नुकसान हुआ है।
दीपू मिश्रा
फरवरी माह में अच्छी आमदनी हो जाती थी, लेकिन इस बार चुनाव के कारण लगभग एक से दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
उवैश खान
निर्वाचन कार्य के लिए प्रशासन और पुलिस की मांग के अनुसार वाहनों की व्यवस्था की जा रही है। मांग बढ़ने के कारण 732 भारी वाहन और 1508 हल्के वाहनों का अधिग्रहण करना है। इसमें निजी और स्कूली बसों को भी अधिग्रहण किया जा रहा है। वाहन संचालकों को भी इसमें सहयोग करना चाहिए। - सत्येंद्र कुमार, एआरटीओ