विश्व हिंदू परिषद के घटक संगठन बजरंग दल के शिविर में मौजूद कार्यकर्ता।
झांसी। बुंदेलखंड के हर गांव में विहिप, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी की समितियां तैयार होंगी। बृहस्पतिवार को विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, मातृ शक्ति, दुर्गा वाहिनी के झांसी विभाग के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक में विहिप के प्रांत मंत्री वीरेंद्र पांडेय ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से चार लाख गांव जोडे़ जाएंगे और 11 करोड़ परिवारों से संपर्क किया जाएगा। इसके लिए जनवरी में अभियान चलेगा। इससे पहले गांव - गांव संगठन में समितियां तैयार होंगी। ताकि अभियान सुगमता से सफल हो।
बृहस्पतिवार को कुलदीप इंटर कॉलेज में आयोजित एक दिवसीय शिविर में झांसी शहर, ग्रामीण एवं ललितपुर के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर पांडेय ने कहा कि संपूर्ण हिंदू समाज को मंदिर निर्माण से जोड़ना है। छूआछूत को जड़ से समाप्त करना है। हम सभी श्रीराम की संतान हैं। उनके आदर्शों पर विश्व को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों पर चलाना है। मानव समाज को श्रेष्ठ जीवन पद्धति देने के लिए विश्व हिंदू परिषद सौ से अधिक देशों में काम कर रही है। शिविर में प्रांत संगठन मंत्री मधुराम जी, विभाग अध्यक्ष श्याम सुंदर, मंत्री पंकज गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रभाकर अवस्थी, मंत्री बृजेंदु तिवारी, संजय श्रीवास्तव, राजेंद्र कुशवाहा, गिरीश प्रजापति, हरीश बजरंगी, पंकज खटीक, अभिषेक राजपूत, मयंक झा, देव साहू, अश्वनी जी, शिखा, सोनू दुबे सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।