झांसी। महानगर के विकास को लेकर नगर निगम जल्द ही कवायद शुरू करने जा रहा है। इसे लेकर वित्त आयोग की बैठक कराने को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। महापौर रामतीर्थ सिंघल की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में 15वें वित्त आयोग के तहत नगर निगम को मिले अनुदान को खर्च करने की रूपरेखा तय की जाएगी।
नगर निगम को केंद्र सरकार ने 15वें वित्त आयोग के तहत 28 करोड़ रुपये दिए हैं। इसमें 14 करोड़ रुपये बुनियादी अनुदान और 14 करोड़ रुपये निर्दिष्ट अनुदान के तौर पर खर्च किए जाने हैं। पहले 15वें वित्त आयोग के तहत कमिश्नर की अध्यक्षता में गठित कमेटी विकास कार्यों को लेकर निर्णय लेती थी। लेकिन बदलाव होने के बाद महापौर की अध्यक्षता में 15वें वित्त के धन खर्च करने को लेकर चर्चा होगी। इसके लिए प्रस्तावित निर्माण कार्यों की सूची बनाई जा रही है। वहीं निर्दिष्ट अनुदान के धन को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर खर्च करने के निर्देश हैं। इसके लिए भी कार्ययोजना बनाई जा रही है। महापौर रामतीर्थ सिंघल ने बताया कि जल्द ही वित्त आयोग की बैठक होगी। इसके लिए अधिकारियों से तैयारी करने के लिए कहा है। बैठक में जो कार्य आवश्यक हैं, उन्हें कराने पर जोर दिया जाएगा।